उत्तर भारत में सर्दी का सितम: MP में कोहरे से ट्रेनें लेट, बिहार में बच्चों की तबीयत बिगड़ी, पहाड़ों में तापमान माइनस में

Update: 2026-01-09 03:40 GMT

ठंड ने देश के बड़े हिस्से को एक साथ जकड़ लिया है। मैदानी इलाकों में कोहरा और शीतलहर जनजीवन को थाम रही है, तो पहाड़ों पर पाला और माइनस तापमान ने मुश्किलें बढ़ा दी हैं। रेल यातायात प्रभावित है, अस्पतालों में मरीज बढ़ रहे हैं और स्कूलों में छुट्टियां करनी पड़ रही हैं।

मध्य प्रदेश: 17 जिलों में घना कोहरा, 12 ट्रेनें लेट

मध्य प्रदेश में शुक्रवार सुबह 17 जिलों में घना कोहरा छाया रहा। ग्वालियर, चंबल, सागर, रीवा और शहडोल संभाग सबसे ज्यादा प्रभावित रहे। दिल्ली से भोपाल, इंदौर और उज्जैन आने वाली एक दर्जन से ज्यादा ट्रेनें देरी से चल रही हैं. तापमान की बात करें तो छतरपुर का खजुराहो सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रीवा में 4.1, दतिया में 4.2, नौगांव और शिवपुरी में 5, उमरिया में 5.4 और पचमढ़ी में 5.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ। दतिया और रीवा समेत 7 जिलों में शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है।

बिहार: 7 दिन में 1000 बच्चे बीमार, 3 की मौत

बिहार में कड़ाके की ठंड सबसे ज्यादा बच्चों के लिए जानलेवा साबित हो रही है। राजधानी पटना में बीते सात दिनों में सर्दी से जुड़ी बीमारियों के कारण 1000 से ज्यादा बच्चे अस्पताल पहुंचे हैं। इनमें से 3 बच्चों की मौत हो चुकी है.राज्य के 15 जिलों में न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है। गया सबसे ठंडा शहर रहा, जहां न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले तीन से चार दिन तक ठंड से राहत मिलने की संभावना बेहद कम है।

उत्तराखंड: पाइपलाइन जमी, ओस की सफेद चादर

उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में पाला गिरने से हालात और सख्त हो गए हैं। चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी और पिथौरागढ़ में पानी की पाइपलाइन जम गई हैं। देहरादून के चकराता में तापमान -1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जहां सुबह ओस जमी नजर आई.आज हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर, नैनीताल, चम्पावत, पौड़ी और देहरादून के निचले इलाकों में कोहरा छाए रहने का अनुमान है.

राजस्थान: सीकर सबसे ठंडा, 25 जिलों में स्कूल बंद

राजस्थान में कोहरा कुछ कम हुआ है, लेकिन उसकी जगह बर्फीली हवाओं ने ठंड और तीखी कर दी है। सीजन का सबसे कम तापमान दर्ज किया गया। सीकर प्रदेश का सबसे ठंडा शहर रहा, जहां न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री सेल्सियस रहा.रेगिस्तानी इलाकों में भी कड़ाके की सर्दी शुरू हो गई है। जैसलमेर में पहली बार तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। सर्दी के चलते 25 जिलों में स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है।

छत्तीसगढ़: 18 जिलों में शीतलहर,ठंड से 3 मौतें

छत्तीसगढ़ में भी सर्दी का असर तेज है। मौसम विभाग ने 18 जिलों में कोल्ड वेव का अलर्ट जारी किया है। अगले दो दिनों में तापमान और गिरने की संभावना है.सबसे कम न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में दर्ज किया गया। पिछले 28 दिनों में ठंड से जुड़ी घटनाओं में राज्य में 3 लोगों की मौत हो चुकी है।

सावधानी बरतने की अपील

देश के कई राज्यों में ठंड अब सिर्फ मौसम नहीं, संकट बनती जा रही है। कोहरा, शीतलहर और पाला तीनों ने मिलकर जनजीवन प्रभावित कर दिया है. प्रशासन और लोगों, दोनों के लिए जरूरी है कि सतर्कता बरतें, खासकर बच्चों और बुजुर्गों को लेकर अतिरिक्त सावधानी रखें

Similar News