मुरैना में दर्दनाक हादसा, कन्या भोज करने आईं बच्चियों में 3 की मौत, भर भराकर गिरी छत
मुरैना के अहरौली गांव में पूजा के बाद कन्याभोज के दौरान मंदिर की छत गिरने से तीन बच्चियों की मौत, चार घायल।
मुरैनाः मध्यप्रदेश के मुरैना जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पूजा और प्रसाद वितरण के दौरान मंदिर की छत अचानक भरभरा कर गिर गई। पत्थर की पटियों से बनी छत के मलबे के नीचे दबने से तीन मासूम बच्चियों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, चार अन्य बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा सोमवार दोपहर कैलारस थाना क्षेत्र के अहरौली गांव में हुआ।
जानकारी के अनुसार अहरौली गांव में स्थित चामड़ माता का मंदिर एक कमरेनुमा संरचना है, जिसकी छत पत्थर की पटियों से बनी हुई थी। सोमवार को गांव के एक परिवार द्वारा मंदिर में पूजा का आयोजन किया गया था। पूजा के बाद कन्याभोज और प्रसाद वितरण होना था, जिसके लिए गांव के बच्चों को बुलाया गया था।
बच्चों पर गिरी मंदिर की छत
कन्याभोज के दौरान अधिकांश बच्चे मंदिर के अंदर मौजूद थे। इसी बीच अचानक एक पत्थर की पटिया चटक गई और देखते ही देखते पूरी छत ढह गई। इस हादसे में 11 वर्षीय वैष्णवी सिकरवार, 7 वर्षीय छाया गोस्वामी और 9 वर्षीय करिश्मा गोस्वामी की मलबे में दबकर मौत हो गई।
4 घायलों को अस्पताल पहुंचाया
हादसे में चार अन्य बच्चे घायल हुए हैं। घायलों में अहरौली निवासी योगेंद्र सिंह की तीन बेटियां-12 वर्षीय गुंजन, 8 वर्षीय परी और 6 वर्षीय विद्या शामिल हैं। इसके अलावा एक अन्य बच्चा भी घायल हुआ है। सभी घायलों को तत्काल कैलारस अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटनास्थल पर पहुंचे पुलिस अधिकारी
घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। हादसे से पीड़ित परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। जैसे ही घटना की सूचना मिली, एएसपी सहित पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे थे। राहत और बचाव कार्य शुरू कर मलबा हटाया गया और स्थिति का जायजा लिया गया।
अधिकारियों का कहना है कि प्राथमिकता घायलों के बेहतर इलाज की है। इसके साथ ही मंदिर की जर्जर हालत और हादसे के कारणों की विस्तृत जांच कराई जाएगी, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।