Sikkim Landslide: सिक्किम में आर्मी कैंप पर लैंडस्लाइड, 3 की मौत, 6 जवान लापता
Sikkim Army Camp Landslide in 3 Jawan Dead : सिक्किम। नॉर्थ ईस्ट में भारी बारिश और भूस्खलन से तबाही मची हुई है। इसी कड़ी में सिक्किम में आर्मी कैंप पर हुए लैंडस्लाइड में तीन लोगों की मौत हो गई, जिनमें दो जवान भी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि छह जवान लापता भी हैं, जिनके लिए तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। रक्षा अधिकारी ने इसकी जानकारी दी है।
रक्षा अधिकारी से मिली जानकारी के मुताबिक, तीन लोगों के शव बरामद हुए हैं, वहीं 4 लोगों को मामूली चोटों के साथ बचा लिया गया है। अधिकारी ने ये भी कहा, छह लापता कर्मियों का पता लगाने के लिए बचाव दल चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में चौबीसों घंटे काम कर रहा है।
सिक्किम में फंसे पर्यटकों को पुलिस, वन कर्मियों और लाचुंग होटल एसोसिएशन की कोशिश से निकाला जा रहा है। इससे पहले बताया गया था सिक्किम में बाढ़ के कारण 32 लोगों की मौत हो गई। वहीं मणिपुर में पिछले चार दिनों में लगातार मूसलाधार बारिश के कारण आई बाढ़ से 3,365 घर तबाह हो गए हैं। ऐसे में लोगों की मुश्किलों को कम करने के लिए 31 राहत शिविर कैंप खोले गए हैं।
सिक्किम सरकार ने हालात को देखते हुए मंगन जिले के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। लगातार हो रही भारी बारिश के कारण तीस्ता नदी में बहुत ज्यादा पानी भर गया, जिससे कई इलाकों में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। मंगन के पुलिस अधीक्षक सोनम डेचु भूटिया ने इस मामले में बताया है कि कई स्थानों पर भूस्खलन के कारण सड़कें बंद हो गई हैं। पर्यटकों को अपने होटलों में रहने की सलाह दी गई है।