राजस्थान से उत्तराखंड तक सर्दी का कहर, जैसलमेर में 4.6°C, उत्तर प्रदेश में कोहरा, पंजाब हादसे में 4 की मौत

Update: 2026-01-10 05:41 GMT

भारत के कई हिस्सों में सर्दी ने अपना प्रभाव बढ़ा दिया है. राजस्थान के जैसलमेर में शुक्रवार को सबसे ठंडा शहर रहा, जहां न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं, उत्तर प्रदेश के 30 शहरों में घना कोहरा छाया रहा, जिससे यातायात प्रभावित हुआ और 50 से अधिक ट्रेनें देर से चलीं.

राजस्थान में बढ़ी सर्दी, 13 जिलों में कोहरे और शीतलहर का अलर्ट

पहाड़ी राज्यों से आई बर्फीली हवाओं के कारण राजस्थान में सर्दी का स्तर काफी बढ़ गया है. राज्य के 13 जिलों में शीतलहर और कोहरे का अलर्ट जारी है। जैसलमेर के अलावा अधिकांश शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे रहा.

उत्तर प्रदेश में कोहरे का कहर, ट्रेनों और उड़ानों में देरी

उत्तर प्रदेश में शनिवार को घने कोहरे के कारण गोरखपुर, लखनऊ, वाराणसी समेत कई स्टेशनों पर ट्रेनों को 10 घंटे तक की देरी का सामना करना पड़ा। इसी तरह, लखनऊ, गोरखपुर और वाराणसी एयरपोर्ट पर कई फ्लाइटें देरी से पहुंचीं।

बिहार के 32 जिलों में शीतलहर, 16 जिलों में पारा 7°C से नीचे

बिहार के 32 जिलों में शीतलहर ने दस्तक दी है, जहां विजिबिलिटी मात्र 10 मीटर तक सीमित रह गई। 16 जिलों में न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस से नीचे गिर गया है। मौसम विभाग ने अगले एक सप्ताह तक इसी प्रकार के ठंडे मौसम का अलर्ट जारी किया है।

उत्तराखंड में तापमान -21°C, पाइपलाइन जमीं

उत्तराखंड में पिथौरागढ़ के आदि कैलाश और रुद्रप्रयाग के केदारनाथ में लगातार तीन दिन से तापमान -21 डिग्री सेल्सियस पर बना हुआ है। चमोली, उत्तरकाशी और रुद्रप्रयाग में पानी की पाइपलाइनें जम गई हैं।

मध्यप्रदेश में बढ़ी ठंड, ग्वालियर-चंबल में सर्द हवाएं

मध्यप्रदेश के भोपाल, इंदौर, उज्जैन और जबलपुर में रात का तापमान गिरा है। ग्वालियर-चंबल संभाग में ठंडी हवाओं का असर अधिक देखा गया। शनिवार को भी 15 से अधिक जिलों में घना कोहरा रहा।

आगे के दो दिन मौसम का हाल

11 जनवरी: पहाड़ी इलाकों में भारी बर्फबारी, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, बिहार, मध्यप्रदेश में कोहरे का अलर्ट।

12 जनवरी: मैदानी राज्यों में बारिश और ओले गिरने की संभावना। पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी जारी।

पंजाब में हादसा, हिमाचल में 4 युवकों की मौत

धुंध के कारण पंजाब के होशियारपुर में बस और कार की टक्कर में चार युवकों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल है। यह हादसा सुबह साढ़े पांच बजे हुआ.

Similar News