SwadeshSwadesh

स्वास्थ्य वर्धक है गर्मियों में फलों का सेवन

Update: 2019-03-30 15:19 GMT

हर मौसम में अलग - अलग ऋतु के फल आते हैं और मौसम के अनुसार इनका सेवन करना स्वास्थ्य के लिए बहुत ही फायदेमंद होता है। अब गर्मियां शुरू हो चुकी हैं और गर्मी के मौसम में किन फलों का सेवन करना स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद होता है।


अनानास गर्मी के मौसम में पाया जाने वाला ऐसा फल है जिसे हर कोई पसंद करता है। पाइनएप्पल में भरपूर मात्रा में विटामिन सी पाया जाता है जो रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाता है। अनानास शरीर में रक्त संचार को सही रखता है। यह आंखों के लिए भी बहुत फायदेमंद है। पाइनएप्पल का सेवन हड्डियों को मजबूत बनाता है। कब्ज की समस्या और पेट फूलने की दिक्कत में बहुत फायदा पहुंचाता है। अनानास में फाइबर की मात्रा बहुत होती है और यह पाचन क्रिया को दुरुस्त बनाए रखता है।


आम में मैग्नीशियम, पोटेशियम और कॉपर जैसे पोषक तत्व होते हैं, इसी के साथ आम विटामिन ए,सी और बी६ का उत्तम स्रोत है। गर्मी के दिनों में ये फल भरपूर मात्रा में आता है और इसका सेवन करने से शरीर को विटामिन के साथ ही इसमें मौजूद पोषक तत्व भी मिल जाते हैं, जिससे व्यक्ति कई बीमारियों से दूर रहता है।


तरबूज और खरबूज गर्मियों में आते हैं और इसका सेवन करने से शरीर को ठंडक मिलती है और शरीर में पानी की कमी भी नहीं होती है। इनका सेवन करने से गर्मियों में भी व्यक्ति के शरीर का तापमान सामान्य रहता हैै। वहीं गर्मियां शुरू होते ही लीची आनी चालू हो जाती है, इस मौसम में अगर लीची का सेवन किया जाए तो इससे शरीर में ठंडक रहती है। लीची में पाए जाने वाले साइट्रिक एसिड, विटामिन और पौष्टिक तत्व शरीर में पानी व खनिज लवणों की कमी को पूरा करते हैं। जिससे गर्मियोंं में होने वाली पेट संबंधी बीमारियों से व्यक्ति को छुटकारा मिलता है।

शरीर को ऊर्जा देता संतरा


गर्मी के मौसम में सभी परेशान रहते हैं। इसकी वजह से आपका चिड़चिड़ा स्वभाव, और लू लगने की समस्या रहती है। यही कारण है कि डॉक्टर भी हमें फल खाने की सलाह देते है इनमें मौजूद पोषक तत्व आपके शरीर को कई तरह से फायदा पहुंचाते हैं। गर्मी के दिनों में संतरे का जूस पीने गर्मी का अहसास कम ही नही होता बल्कि आपके शरीर में ऊर्जा आ जाती है जो आपके शरीर को चुस्त और दुरुस्त रखती है।

अगर आप दिल की बीमारियों से सुरक्षा चाहते हैं तो अब नियमित रूप से संतरे का सेवन शुरू कर दें। दरअसल इसमें उच्च रक्तचाप और कोलेस्ट्रॉल के स्तर को कंट्रोल करने की क्षमता होती हैं।संतरे का रस में कैंसर व मधुमेह जैसी जानलेवा बीमारियों से लड़ने की ताकत भी होती है। आपको बता दें कि इसमें मौजूद तत्व कैंसर जैसी बीमारियों से लडऩे में आपकी मदद करते हैं। संतरे का रस पाचन सबंधित अनेक समस्याओं को दूर करता हैं। इसके अलावा संतरा आपकी रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के साथ-साथ आपकी किडऩी को भी फायदा पहुंचाता है।

खून की कमी को दूर करता है अंगूर


इन दिनों बाजार में अंगूरों की बहार आई हुई है। इस मौसम में रस से भरे अंगूर खाना सेहत के लिए फायदेमंद है। बाजार में काले और हरे दोनों तरह के अंगूर मिल रहे हैं। दोनों तरह के अंगूर स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद है। अंगूर में प्रोटिन, कार्बोहाइड्रेट्स, सोडियम, फाइबर, विटामिन ए, सी, ई तथा के के अलावा कैल्शियम, कॉपर, मैग्नीशियम, मैंग्नीज, जिंक और आयरन जैसे पोषक तत्वों से भरपूर होता है। अंगूर खाने से पेट की बहुत सी बीमारियों से राहत मिलती है।अंगूर शरीर में खून की कमी को दूर करता है। इसका कारण यह है कि इसमें काफी मात्रा में आयरन पाया जाता है। खून की कमी या एनीमिया होने पर नियमित रूप से अंगूर खाना चाहिए। खून की कमी को दूर करने के लिए एक गिलास अंगूर के जूस में 2 चम्मच शहद मिलाकर पीने से खून की कमी को दूर किया जा सकता है।

Similar News