कांग्रेस ने किसान आंदोलन को दिया समर्थन, राहुल ने कहा- एक इंच पीछे नहीं हटे

Update: 2021-01-29 13:00 GMT

नईदिल्ली। कृषि कानूनों के विरोध में जारी आंदोलन का अब राजनीतिकरण शुरू हो गया है। आप, रालोद, सपा सहित कई राजनैतिक दलों ने इसे अपना समर्थन दे दिया है। वहीँ कांग्रेस आंदोलन की आड़ में लगातार केंद्र सरकार को घेरने और निशाना साधने का प्रयास कर रही है। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी को आंदोलन शुरू होते ही इसमें कई खामियां नजर आने लगी। जिसके बाद से निरंतर ट्वीट कर वह केंद्र सरकार पर निशाना साध रहे है।  

इसी कड़ी में आज प्रेसवार्ता कर उन्होंने सरकार को घेरने का प्रयास किया और किसानों के प्रति क्रूरता का आरोप लगाया। साथ ही उन्होंने किसान संगठऩों से अपील की है कि वे डरे नहीं और एक भी इंच पीछे नहीं हटें। कांग्रेस पार्टी उनके साथ है और रहेगी।

 एक इंच पीछे नहीं हटे -

उन्होंने कहा की सरकार किसानों से बात कर उनकी समस्या का समाधान खोजने के बजाय सरकार उन्हें डराने में लगी है। मोदी सरकार को लगता है कि पुलिस की लाठी के जोर पर वो किसानों को भगा देगी तो वो गलत है। किसान अपने हक के लिए सड़कों पर उतरे हैं औऱ उनकी इस लड़ाई में कांग्रेस पूरी तरह से उनके साथ है। उन्होंने किसान प्रदर्शनकारियों से अपील करते हुए कहा कि वो एक इंच पीछे नहीं हटें, हम सभी उनके साथ हैं। उन्होंने कहा कि ये देश की आवाज़ है, जिसे प्रधानमंत्री और सरकार को सुनना पड़ेगा। अगर नहीं सुनेंगे तो ये और फैलेगा, इसे दबाया नहीं जा सकता।

आखिर कैसे प्रदर्शनकारी लाल किला पहुंचे -

गणतंत्र दिवस पर हुई हिंसा पर कहा की सरकार बताये की आखिर कैसे प्रदर्शनकारी लाल किला पहुंचे? गृहमंत्री बताएं कि किसने उन्हें लाल किला जाने का आदेश दिया। उन्होंने कहा कि किसान आंदोलन को बदनाम करने की साजिश सरकार को बंद कर देनी चाहिए और किसानों से बात कर समाधान खोजने पर ध्यान देना चाहिए लेकिन हल तलाशने की बजाय सरकार किसानों को मार रही है। किसानों को मारकर सरकार देश को कमजोर कर रही है।


Tags:    

Similar News