SwadeshSwadesh

ममता राज में नहीं थम रही भाजपा नेताओं की हत्या : विजयवर्गीय

Update: 2020-07-13 06:37 GMT

कोलकाता। उत्तर दिनाजपुर जिला अंतर्गत हेमताबाद के विधायक देवेंद्र नाथ रॉय की हत्या को लेकर भाजपा ममता बनर्जी की सरकार पर हमलावर हो गई है। पार्टी के केंद्रीय प्रभारी और राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने कहा है कि ममता बनर्जी के राज में भाजपा नेताओं की हत्या का दौर नहीं थम रहा। सोमवार सुबह विधायक देवेंद्र नाथ रॉय का फंदे से झूलता शव बरामद किया गया है। उनके गांव बिंदल में उनके घर के पास उनका शव बरामद किया गया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्हें मौत के घाट उतारने के बाद आत्महत्या करार देने के लिए ही शव को फंदे से लटकाया गया है। इसको लेकर विजयवर्गीय ने एक ट्वीट किया है। इसमें उन्होंने विधायक देवेंद्र रॉय के फंदे से लटकते शव का वीडियो साझा किया है। इसके साथ ही उन्होंने लिखा है कि निंदनीय और कायरतापूर्ण कृत्य!!! ममता बनर्जी के राज में भाजपा नेताओं की हत्या का दौर थम नहीं रहा। तृणमूल छोड़ भाजपा में आये हेमताबाद के विधायक श्री देबेंद्र नाथ रॉय की हत्या कर दी गई। उनका शव फांसी पर लटका मिला। क्या इनका गुनाह सिर्फ भाजपा में आना था ?...

प्रदेश भाजपा ने भी ऐसा ही ट्वीट किया है जिसमें दावा किया गया है कि भाजपा में होने के कारण विधायक की हत्या की गई है। हेमताबाद के विधायक के शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। यह राजनीतिक हत्या है या उन्होंने खुदकुशी की है। इस बारे में अभी तक स्थिति स्पष्ट नहीं की गई है।

Tags:    

Similar News