Defence Expo 2022 गुजरात में होगा आयोजित, रक्षामंत्री ने किया ऐलान

Update: 2021-09-02 14:07 GMT

नईदिल्ली। भारतीय रक्षा मंत्रालय का द्विवार्षिक कार्यक्रम डिफेन्स एक्सपो का 12वां संस्करण गांधीनगर (गुजरात) में 10-13 मार्च, 2022 को होगा। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की उपस्थिति में गुरुवार को केवड़िया में इस आयोजन के लिए रक्षा मंत्रालय और गुजरात सरकार के बीच समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए। रक्षा मंत्री और गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपानी ने संयुक्त रूप से रक्षा प्रदर्शनी डिफेन्स एक्सपो-2022 की तैयारियों की समीक्षा की।

बैठक के दौरान राजनाथ सिंह ने कहा कि फरवरी, 2020 में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में डिफेन्स एक्सपो का पिछला संस्करण आयोजित किया गया था, जो भारत सरकार और राज्य सरकार के बीच सहज संयुक्तता के कारण एक जबरदस्त सफलता थी। अब डिफेन्स एक्सपो का 12वां संस्करण स्वतंत्रता के 75वें वर्ष के मौके पर 'आजादी का अमृत महोत्सव' के रूप में मनाया जायेगा, जिसमें सभी स्तरों पर अधिक सक्रिय भागीदारी और समन्वित प्रयासों की आवश्यकता है। चल रही तैयारियों पर संतोष व्यक्त करते हुए रक्षा मंत्री ने सभी हितधारकों से आगामी कार्यक्रम में अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

उन्होंने आशा व्यक्त की कि पिछले संस्करण की तुलना में डिफेन्स एक्सपो-2022 में न केवल घरेलू बल्कि अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधित्व बहुत अधिक होगा। 'मेक इन इंडिया, मेक फॉर द वर्ल्ड' के सरकार के संकल्प को दोहराते हुए राजनाथ सिंह ने विश्वास व्यक्त किया कि भारत जल्द ही एक वैश्विक विनिर्माण केंद्र बन जाएगा। हम अपने प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी की कल्पना के अनुसार 'आत्मनिर्भर भारत' की दिशा में बड़ा कदम उठा रहे हैं। हम जल्द ही रक्षा में आत्मनिर्भरता हासिल करेंगे। हमारा उद्देश्य आयात पर निर्भरता कम करना और रक्षा निर्यात बढ़ाना है। यह एक हाइब्रिड बिजनेस इवेंट होगा, जिसमें साबरमती रिवर फ्रंट पर हथियारों और रक्षा प्लेटफार्मों के लाइव प्रदर्शन की भी योजना बनाई जा रही है।

 इस अवसर पर रक्षा मंत्रालय और गुजरात सरकार के बीच रक्षा प्रदर्शनी-2022 के आयोजन के लिए राजनाथ सिंह की उपस्थिति में एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए। समीक्षा बैठक में सचिव (रक्षा उत्पादन) राज कुमार, अतिरिक्त मुख्य सचिव उद्योग और खान, गुजरात डॉ. राजीव कुमार गुप्ता, संयुक्त सचिव (एयरोस्पेस) चंद्रकेर भारती, उद्योग आयुक्त और औद्योगिक विस्तार ब्यूरो के अध्यक्ष डॉ. राहुल बी गुप्ता शामिल थे।

डिफेन्स एक्सपो-2022 का मुख्य मकसद - 

रक्षा प्रदर्शनी-2022 का उद्देश्य रक्षा के क्षेत्र में भारत को आत्मनिर्भर बनाने और 2024 तक पांच बिलियन अमेरिकी डॉलर के रक्षा निर्यात का लक्ष्य पाने के लिए माहौल का निर्माण करना है। इसका उद्देश्य भारत को भूमि, नौसेना, वायु, रक्षा इंजीनियरिंग और सुरक्षा प्रणालियों का एक प्रमुख गंतव्य बनाना है। भविष्य के युद्ध को ध्यान में रखते हुए इस आयोजन का उद्देश्य संघर्षों पर विघटनकारी प्रौद्योगिकियों के प्रभाव और आवश्यक उपकरणों और प्लेटफार्मों पर इसके परिणामी प्रभाव को पहचानना भी है। गुजरात सरकार का लक्ष्य अपने एयरोस्पेस को आगे बढ़ाने और विदेशी निवेश की तलाश करने के अवसर का उपयोग करना है।ग की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में जबरदस्त वैश्विक प्रतिक्रिया देखी गई थी।

Tags:    

Similar News