चमगादड़ से इंसान में आया कोरोना, ICMR का जवाब

Update: 2020-04-15 13:56 GMT

नई दिल्ली। आईसीएमआर के रमन गंगाखेडकर ने बताया कि- चीन में हुए शोध से ये मालूम हुआ है कि ये वायरस चमगादड़ों से आया है। चमगादड़ ने इसे पैंगोलिंस में ट्रांसफर किया होगा, पैंगोलिन से ये मनुष्यों में आ गया। उन्होंने कहा कि- हमने निगरानी भी की, जिसमें हमने पाया कि चमगादड़ दो प्रकार के होते हैं जिनमें कोरोना वायरस होता है जो शायद 1000 साल में एक बार मनुष्यों में पहुंचे।

बता दें कि कोरोना वायरस का संक्रमण भारत में लगातार बढ़ रहा है। देश में पिछले 24 घंटे में 1076 पॉजिटिव मामले सामने आने के बाद कोरोना से संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 11439 हो गई है। वहीं, पिछले 24 घंटे में कोरोना से 38 लोगों की मौत हुई है, जिससे कोविड-19 महामारी से मरने वालों का आंकड़ा 377 पहुंच गया है।

आपको बता दें कि भारत के वैज्ञानिकों ने देश के 4 राज्यों में चमगादड़ों के नमूनों में बैट कोरोना वायरस (बीटी सीओवी) होने की पुष्टि की थी। वैज्ञानिकों का कहना था कि यह कोरोना वायरस कोविड-19 बीमारी के कोरोना वायरस सार्स सीओवी2 से मिलता जुलता हो सकता है। डॉक्टर प्रज्ञा यादव के नेतृत्व में हुए इस शोध का मकसद यह जानना था कि कोरोना वायरस की प्रजाति के कौन से और वायरस चमगादड़ या अन्य जीवों में मौजूद हो सकते हैं। यह शोध इंडियन जर्नल ऑफ मेडिकल रिसर्च में प्रकाशित हुआ है।

इस शोध में वैज्ञानिकों ने भारत के 10 राज्यों में मौजूद दो प्रजाति की चमगादड़ के सैम्पल लिए थे। इनमें पिटरोपस एवं रोसेट्स प्रजाति के चमगादड़ों के नमूने लिए गए। वैज्ञानिकों ने पाया कि भारत में 10 राज्यों में से 4 राज्यों के चमगादड़ों में बैट कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है।

केरल, हिमाचल और तमिलनाडु और पॉन्डिचेरी में चमगादड़ से लिए गए नमूनों में बैट कोरोना वायरस मिलने की पुष्टि हुई है।

10 राज्यों में चमगादड़ की दो प्रजातियों के सैम्पल लेकर कोरोना की पीसीआर जांच की गई थी। इनमें छह राज्यों में सैम्पल निगेटिव आये हैं। इनमें कर्नाटक, चंडीगढ़, उड़ीसा, पंजाब , गुजरात, तेलंगाना में चमगादड़ में बैट कोरोना वायरस नहीं मिला।

स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक, कोरोना वायरस के कुल 11439 मामलों में से 9756 एक्टिव केस हैं। इसके अलावा, 1305 लोग पूरी तरह से ठीक हो गए हैं या उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मंगलवार सुबह 8 बजे तक के आंकड़ों के मुताबिक, कोरोना वायरस से सर्वाधिक 178 लोगों की मौत महाराष्ट्र में हुई। यहां अब इस महामारी से पीड़ितों की संख्या 3124 हो गई है।

Tags:    

Similar News