SwadeshSwadesh

आपातकाल के क्रूर काल को न तो भुलाया जा सकता है और ना ही माफ किया जा सकता है

Update: 2021-11-16 10:55 GMT

नईदिल्ली। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कहा है कि इंदिरा गांधी सरकार ने देश में आपातकाल लागू कर दुनिया में भारत के लोकतंत्र पर काला धब्बा लगाया था। पूरे देश में जब इमरजेंसी के विरुद्ध आवाज उठी तो हजारों, लाखों लोगो को जेल के सलाखों के पीछे डाल दिया गया। उन्होंने कहा कि उस क्रूर काल को न तो कभी भुलाया जा सकता है और ना ही माफ किया जा सकता है। महान स्वतंत्रतता संग्राम सेनानियों के त्याग और बलिदान की वजह से ही हमें लोकतंत्र मिला है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा ने यह बात मंगलवार को यहां लोकतंत्र रक्षक सेनानियों से मुलाकात के दौरान कही। उन्होंने कहा कि इन कार्यकर्ताओं ने पार्टी की विचारधारा को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया और अपने जीवन को झोंककर अपने परिवारों की भी परवाह नहीं की। कहा कि आज पूरे विश्व में हमारी सबसे बड़ी लोकतांत्रिक प्रणाली है, वह इन्ही सेनानियों की देन है, जो विचार इन सेनानियों का था आज उसी विचार को लेकर भारतीय जनता पार्टी चल रही है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। भारत ने 100 करोड़ वैक्सीनेशन करके दुनिया को दिखा दिया है कि भारत हर क्षेत्र में आत्म निर्भर है जबकि विपक्ष मोदी सरकार की उपलब्धियों को नजर अंदाज करता रहा है। विपक्ष बार बार वैक्सीनेशन पर सवाल उठाकर कोरोना के खिलाफ लड़ाई को कमजोर करने की कोशिश करता रहा। जबकि दुनिया के दूसरे देश इस मामले में लगातार भारत की सराहना करते रहे।

इससे पहले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा ने आपातकाल में जेल गए कई लोकतांत्रिक सेनानियों से भेंट की और उन्हें शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। उन्होंने लोकतंत्र रक्षक सेनानियों से उनके संस्मरण सुने और उनके योगदान के लिए उनका आभार व्यक्त किया।  इसके पश्चात् राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा ने कलेक्ट्रेट परिसर स्थित शहीद उधम सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और उनको नमन करते हुए उन्हें महान क्रांतिकारी बताया। उन्होंने कहा कि शहीद उधम सिंह के भीतर देश भक्ति का जज्बा कूट-कूटकर भरा था। आज ऐसे महान क्रांतिकारियों की देश भक्ति से प्रेरणा लेने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि शहीद उधम सिंह का बलिदान कभी भुलाया नहीं जा सकता।

कलेक्ट्रेट के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष का काफिला मुख्य बाजार स्थित अंबेडकर पार्क पहुंचा।जंहा पर उन्होंने बाबा साहेब डॉ भीम राव अम्बेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किया। उन्होंने कहा कि बाबा साहब डॉ अंबेडकर ने देश में समानता लाने का सबसे बड़ा काम किया। आज हमें संविधान से जो भी अधिकार मिले हैं वह सब बाबा साहब डॉ अंबेडकर की देन है। उन्होंने देश को एक नई दिशा दी। दबे कुचले वर्ग को मुख्य धारा में लाने का काम किया।  भारतीय जनता पार्टी आज डॉ अंबेडकर के विचारों को आत्मसात करने काम कर रही है। उन्होंने सबको समानता का अधिकार देने का जो काम किया था, उसकी तर्ज पर आज भाजपा सबका साथ सबका विकास और सबका विश्वास के लक्ष्य पर मिशन के साथ काम कर रही है। 

Tags:    

Similar News