Share Market Today: शेयर बाजार में लगातार तीसरे दिन तेजी, सेंसेक्स 350 अंक उछला, निफ्टी 25,950 के पार
भारतीय शेयर बाजार में मंगलवार, 10 फरवरी को तेजी का सिलसिला थमता नजर नहीं आया। लगातार तीसरे कारोबारी दिन बाजार हरे निशान में खुला और देखते ही देखते सेंसेक्स 350 अंकों तक उछल गया। वहीं निफ्टी भी मजबूती के साथ 25,950 के पार निकल गया।
सुबह के कारोबार में निवेशकों का मूड पॉजिटिव दिखा, विदेशी निवेशकों की वापसी और भारत-अमेरिका ट्रेड डील से जुड़ी खबरों ने बाजार को सपोर्ट दिया। मेटल, ऑटो और टेलीकॉम शेयरों में खरीदारी साफ नजर आई, जबकि PSU बैंक शेयरों में हल्की सुस्ती रही।
शुरुआती कारोबार में बाजार का हाल
करीब 10.30 बजे सेंसेक्स 357.66 अंक या 0.43 फीसदी की बढ़त के साथ 84,423.41 के स्तर पर कारोबार करता दिखा। निफ्टी भी 106.70 अंक या 0.41 फीसदी चढ़कर 25,974.00 के आसपास पहुंच गया।
तेजी के 4 बड़े कारण
1. विदेशी निवेशकों की वापसी से भरोसा मजबूत
विदेशी संस्थागत निवेशक (FIIs) एक बार फिर भारतीय बाजार पर दांव लगा रहे हैं। सोमवार को FIIs ने 2,254.64 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। इससे पहले शुक्रवार को भी करीब 1,950 करोड़ रुपये का शुद्ध निवेश किया गया था। बीते 9 कारोबारी सत्रों में विदेशी निवेशक लगभग 2 अरब डॉलर बाजार में झोंक चुके हैं, इससे निवेशकों का कॉन्फिडेंस बढ़ा है।
2. ग्लोबल बाजारों से मिले पॉजिटिव संकेत
एशियाई बाजारों में भी ज्यादातर जगह तेजी देखने को मिली। जापान का निक्केई 225, हांगकांग का हैंग सेंग और साउथ कोरिया का कोस्पी इंडेक्स बढ़त के साथ कारोबार करते दिखे। अमेरिका के शेयर बाजार भी सोमवार को मजबूती के साथ बंद हुए थे।
HDFC सिक्योरिटीज में प्राइम रिसर्च के हेड देवर्ष वकील के मुताबिक, ग्लोबल बाजारों में तेजी का माहौल जापान में चुनावी नतीजों और टेक शेयरों की मजबूती से बना। साथ ही डॉलर में आई नरमी ने भी उभरते बाजारों को सपोर्ट दिया।
3. कच्चे तेल की कीमतों में नरमी
क्रूड ऑयल की कीमतों में गिरावट ने भी बाजार को राहत दी। अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड 0.28 फीसदी फिसलकर 68.85 डॉलर प्रति बैरल के आसपास आ गया। तेल सस्ता होने से महंगाई का दबाव कम होता है, और भारत जैसे आयातक देश के लिए यह अच्छी खबर मानी जाती है।
4. भारत-US ट्रेड डील से पॉजिटिव सेंटीमेंट
भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील को लेकर बनी सहमति से भी बाजार में उत्साह दिखा। शुक्रवार को दोनों देशों ने एक अंतरिम ट्रेड फ्रेमवर्क का ऐलान किया था, जिसमें टैरिफ में कटौती और एनर्जी सेक्टर में सहयोग बढ़ाने पर जोर है। लंबे समय से टैरिफ को लेकर बनी अनिश्चितता अब कम होती दिख रही है।
अब आगे बाजार का रुख
जियोजित इनवेस्टमेंट्स लिमिटेड के चीफ मार्केट स्ट्रैटेजिस्ट आनंद जेम्स का कहना है कि शुरुआती उतार-चढ़ाव के बाद निफ्टी 25,830 के ऊपर टिके रहना एक पॉजिटिव संकेत है। उनके मुताबिक 26,020 का स्तर अभी भी टारगेट बना हुआ है, हालांकि वहां पहुंचने के बाद बाजार को लेकर थोड़ा सतर्क रहना जरूरी होगा।
कल भी रही थी बाजार में मजबूती
इससे पहले सोमवार को भी शेयर बाजार में अच्छी बढ़त देखने को मिली थी। सेंसेक्स 485 अंक चढ़कर 84,066 पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 174 अंक की तेजी के साथ 25,867 के स्तर पर बंद हुआ।
डिस्क्लेमर: शेयर बाजार में निवेश जोखिम के अधीन है। एक्सपर्ट्स की राय उनके निजी विचार हैं, निवेश से पहले अपनी समझ और सलाहकार की राय जरूर लें