चांदी दो दिन में ₹41 हजार टूटी, भाव ₹2.41 लाख/किलो पर आया; सोना भी ₹1000 सस्ता

सोने-चांदी के दाम में तेज गिरावट। चांदी दो दिन में ₹41 हजार सस्ती होकर ₹2.41 लाख/किलो, सोना ₹1000 गिरकर ₹1.51 लाख पर।

Update: 2026-02-06 09:12 GMT

नई दिल्ली। सोने-चांदी में निवेश करने वालों के लिए गुरुवार का दिन झटका लेकर आया। सर्राफा बाजार में आज यानी 6 फरवरी को दोनों कीमती धातुओं के दामों में तेज गिरावट देखने को मिली है। खासतौर पर चांदी ने दो दिन में ही भारी नुकसान झेला है। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के मुताबिक, चांदी की कीमत आज 13,155 रुपए गिरकर 2,41,184 रुपए प्रति किलो पर आ गई है। इससे पहले इसका भाव 2,54,339 रुपए था। यानी सिर्फ दो दिन में चांदी 41,278 रुपए सस्ती हो चुकी है।

सोना भी टूटा, 10 ग्राम 1000 से ज्यादा सस्ता 

सोने की कीमतों में भी नरमी देखने को मिली है। 10 ग्राम 24 कैरेट सोना आज 1,013 रुपए गिरकर 1,51,489 रुपए पर आ गया। इससे पहले इसका भाव 1,52,502 रुपए था। अगर पिछले दो दिनों की बात करें तो सोना कुल 6,669 रुपए सस्ता हुआ है। यह गिरावट उस वक्त आई है, जब कुछ दिन पहले ही सोना-चांदी रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचे थे।

29 जनवरी को बना था ऑल टाइम हाई

सर्राफा बाजार में 29 जनवरी को सोने और चांदी दोनों ने ऐतिहासिक स्तर छुए थे। सोना 1,76,121 रुपए प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गया था चांदी ने 3,85,933 रुपए प्रति किलो का ऑल टाइम हाई बनाया था इसके बाद से ही बाजार में उतार-चढ़ाव बना हुआ है।

3 दिन में 1.60 लाख तक टूटी थी चांदी

इससे पहले भी चांदी में बड़ी गिरावट देखी गई थी। 29 जनवरी से 2 फरवरी के बीच चांदी की कीमत करीब 1.60 लाख रुपए तक गिर गई थी। वहीं सोने के दाम भी करीब 26 हजार रुपए तक टूटे थे। वायदा बाजार (MCX) पर चांदी 4 लाख रुपए प्रति किलो से गिरकर 2.41 लाख के आसपास आ गई थी। सोना भी 1.70 लाख से फिसलकर 1.40 लाख के स्तर तक पहुंच गया था। हालांकि इसके बाद दोनों में कुछ तेजी भी देखने को मिली थी।

Tags:    

Similar News