बजट बाद गिरे शेयर बाजार में आया उछाल, सेंसेक्स 940 अंक चढ़ा, निवेशकों के 5 लाख करोड़ बढ़े

बजट बाद शेयर बाजार में आई भारी गिरावट की सोमवार को जोरदार वापसी हुई। सेंसेक्स 950 चढ़कर बंद हुआ। 5 लाख करोड़ की कमाई हुई।

Update: 2026-02-02 12:52 GMT

नई दिल्ली। बजट के बाद आई भारी गिरावट से उबरते हुए शेयर बाजार में सोमवार को जबरदस्त वापसी देखने को मिली। दिनभर उतार-चढ़ाव के बाद आखिरी एक घंटे में आई तेज खरीदारी ने बाजार की तस्वीर बदल दी। बीएसई सेंसेक्स 944 अंक यानी एक फीसदी से ज्यादा उछलकर 81,666.46 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 263 अंकों की मजबूती के साथ 25,088.40 पर क्लोज हुआ। निफ्टी बैंक में भी करीब 200 अंकों की तेजी दर्ज की गई।

आखिरी घंटे में बाजार ने बदला मूड

लास्ट ऑवर में आई इस तेजी की सबसे बड़ी वजह निवेशकों की जोरदार खरीदारी रही। खासतौर पर लार्जकैप शेयरों में मजबूत डिमांड देखने को मिली। रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर करीब 3 फीसदी चढ़ा, जबकि पावरग्रिड में 7 फीसदी से ज्यादा की उछाल दर्ज की गई। अदाणी पोर्ट्स 4 फीसदी से ज्यादा मजबूत हुआ।

एक घंटे में पलटे खेल का निवेशकों को फायदा

इस उछाल का सीधा असर निवेशकों की दौलत पर पड़ा। बाजार बंद होने तक बीएसई का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन करीब 5 लाख करोड़ रुपये बढ़ गया, जिससे बजट के बाद हुए नुकसान की आंशिक भरपाई हो सकी।

बीएसई के टॉप-30 शेयरों में से केवल 5 शेयर ही गिरावट के साथ बंद हुए, जबकि बाकी 25 शेयरों में मजबूती रही। महिंद्रा एंड महिंद्रा, एलएंडटी, बजाज फाइनेंस, आईसीआईसीआई बैंक और सन फार्मा जैसे दिग्गज शेयरों में 7 फीसदी तक की तेजी देखी गई।

अचानक क्यों लौटी बाजार में रौनक?

शेयर मार्केट एक्सपर्ट के अनुसार, जब निवेशकों को लगता है कि बाजार में हैवी बिकवाली पूरी हो चुकी है और वैल्यूएशन आकर्षक हो गया है, तो वे चुनिंदा मजबूत शेयरों में खरीदारी शुरू कर देते हैं। सोमवार को ठीक ऐसा ही माहौल बना और हैवीवेट शेयरों में खरीदारी ने बाजार को सहारा दिया।

बजट वाले दिन आई थी बड़ी गिरावट

बजट के दिन शेयर बाजार में जोरदार बिकवाली देखने को मिली थी। सेंसेक्स करीब 1,550 अंक टूट गया था, जबकि निफ्टी में 295 अंकों की गिरावट दर्ज की गई थी। इस गिरावट के चलते निवेशकों की कुल वैल्यूएशन करीब 11 लाख करोड़ रुपये घट गई थी। हालांकि सोमवार की तेजी से इसमें से करीब 5 लाख करोड़ रुपये की रिकवरी हो गई है।

360 शेयर पहुंचे 52 हफ्ते के निचले स्तर पर

सोमवार को बीएसई पर 360 शेयर अपने 52 सप्ताह के निचले स्तर पर पहुंच गए। कुल 4,428 शेयरों में से 2,039 शेयरों में तेजी रही, जबकि 2,220 शेयरों में गिरावट दर्ज की गई। 169 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ। कारोबार के दौरान 10 शेयरों में अपर सर्किट, जबकि 8 शेयरों में लोअर सर्किट देखने को मिला। वहीं 76 शेयर 52 हफ्ते के उच्चतम स्तर पर बंद हुए।

Tags:    

Similar News