तीन दिन में चांदी में ₹1.60 लाख की गिरावट, सोने के दाम भी घटे
चांदी ऑल टाइम हाई से एकसाथ तीन दिनों में ₹1.60 लाख गिरी, वहीं सोने के दामों में भी गिरावट देखने को मिली।
सोमवार, 2 फरवरी को सोना और चांदी के दामों में बड़ी उथल-पुथल मच गई। चांदी एकसाथ 23,000 रुपए गिर गई और सोने के दामों में भी गिरावट देखने को मिली। इस खबर में हम जानेंगे कि सोना और चांदी के दामों के गिरने के पीछे क्या वजह है और अब बाजार में क्या है इसके दाम?
गोल्ड और सिल्वर मार्केट में लगातार तीसरे दिन गिरावट दर्ज की गई है। 2 फरवरी को वायदा बाजार में चांदी लगभग 23,000 रुपए गिर गई। जिसके बाद 1 किलो चांदी का भाव 2.41 लाख रुपए पर पहुंच गया। वहीं, सोने में भी करीब 7,000 रुपए की गिरावट देखने को मिली और 10 ग्राम सोना अब 1.40 लाख रुपए पर उपलब्ध है।
पिछले दिनों की कीमतें
30 जनवरी को सर्राफा बाजार में चांदी 40,638 रुपए और सोना 9,545 रुपए सस्ता हुआ था। जानकारी के अनुसार, एक किलो चांदी का भाव अब 3,39,350 रुपए पर आ गया है, जबकि 10 ग्राम 24 कैरेट सोना 1,65,795 रुपए पर ट्रेड कर रहा है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर पिछले तीन दिनों में सोने-चांदी के दामों में भारी कमी आई है। 29 जनवरी को चांदी 4.01 लाख रुपए प्रति किलो पर थी, जो अब 2.40 लाख रुपए पर आ गई है। इसी तरह सोने में भी ₹30,000 की गिरावट हुई है।
गिरावट के पीछे मुख्य वजहें
प्रॉफिट बुकिंग: हाल के दिनों में सोना-चांदी ऑल टाइम हाई पर पहुंच गया था। जिससे प्रॉफिट बुकिंग की वजह से निवेशकों ने बहुत बड़े स्तर पर मुनाफा कमाया था।
फिजिकल डिमांड में कमी: ऑल टाइम हाई के बाद खरीदारी में मंदी आई और इंडस्ट्रियल मांग भी कमजोर हुई।
बाजार और खरीदारी पर असर
लगातार बढ़ते दामों ने आम खरीदारों की खरीदारी पर दबाव डाला है। शादी-विवाह और त्योहारों के सीजन में भी लोग सिर्फ भाव पूछकर लौट रहे हैं। जिससे सर्राफा बाजार में गतिविधियां सुस्त पड़ गई हैं। वहीं, निवेशक ऊंचे दामों का फायदा उठाकर सोना और चांदी बेचकर मुनाफा कमा रहे हैं।
वैश्विक स्तर पर भी कई देश सोने और चांदी का भंडारण कर रहे हैं। आर्थिक अनिश्चितता और भू-राजनीतिक तनाव की वजह से निवेशक सुरक्षित विकल्पों की ओर बढ़ रहे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में सोना-चांदी के दामों में फिर से तेजी देखने को मिल सकती है।