शेयर बाजार में अक्सर हलचल कम रहती है, लेकिन कुछ फैसले ऐसे होते हैं जो निवेशकों की नजर तुरंत खींच लेते हैं। स्टॉक स्प्लिट (शेयर का बंटवारा) भी ऐसा ही कदम है, जो सीधे शेयर की कीमत से जुड़ा होता है, भले ही निवेश की असली वैल्यू वही बनी रहे.
अगले हफ्ते बाजार में कुछ ऐसा ही माहौल देखने को मिल सकता है, जब अलग-अलग सेक्टर की चार कंपनियां अपने शेयरों को छोटे हिस्सों में बांटने जा रही हैं। इस दौरान किसी कंपनी का शेयर अधिक सस्ता नजर आएगा, तो किसी का फेस वैल्यू बदलेगा। निवेशकों के लिए यह समय केवल आंकड़े देखने का नहीं, बल्कि बाजार की चाल समझने का भी है। एक्स-डेट और रिकॉर्ड डेट के आसपास हलचल तेज हो जाती है, इसलिए सही जानकारी होना बेहद जरूरी है। आने वाला हफ्ता स्टॉक स्प्लिट के लिहाज से बाजार को नई दिशा दिखा सकता है।
एसकेएम एग प्रोडक्ट्स एक्सपोर्ट का स्टॉक स्प्लिट
एसकेएम एग प्रोडक्ट्स एक्सपोर्ट इंडिया लिमिटेड अपने शेयरों का स्टॉक स्प्लिट करने जा रही है। कंपनी का सिक्योरिटी कोड 532143 है और शेयर बाजार में इसे एसकेएम एग प्रोडक्ट्स के नाम से जाना जाता है। कंपनी ने अपने शेयर की फेस वैल्यू 10 रुपये से घटाकर 5 रुपये करने का फैसला किया है।
इस स्टॉक स्प्लिट के लिए कंपनी ने 12 जनवरी 2026 को एक्स-डेट और रिकॉर्ड डेट दोनों तय की हैं। इसका मतलब है कि जिन निवेशकों के नाम 12 जनवरी 2026 तक कंपनी के रिकॉर्ड में दर्ज होंगे, उन्हें स्प्लिट का फायदा मिलेगा। इस कदम से कंपनी के शेयर ज्यादा निवेशकों की पहुंच में आ सकते हैं।
अजमेरा रैटी का शेयर बंटवारा
रियल एस्टेट सेक्टर की कंपनी अजमेरा रैटी एंड इंफ्राईडिया लिमिटेड भी स्टॉक स्प्लिट की राह पर है। कंपनी का सिक्योरिटी कोड 513349 है और शेयर बाजार में इसे अजमेरा के नाम से जाना जाता है। कंपनी अपने शेयर की फेस वैल्यू 10 रुपये से घटाकर 2 रुपये करने जा रही है। इसके लिए 15 जनवरी 2026 को एक्स-डेट और रिकॉर्ड डेट तय की गई है। इस फैसले से कंपनी के शेयरों की संख्या बढ़ेगी, जिससे बाजार में लिक्विडिटी पर असर पड़ सकता है।
बेस्ट एग्रोलाइफ का 10 से 1 का स्टॉक स्प्लिट
एग्रोकेमिकल सेक्टर की कंपनी बेस्ट एग्रोलाइफ लिमिटेड भी अगले हफ्ते स्टॉक स्प्लिट करने वाली कंपनियों में शामिल है। कंपनी का सिक्योरिटी कोड 539660 है और यह बेस्टएग्रो के नाम से लिस्टेड है। कंपनी ने अपने शेयर की फेस वैल्यू 10 रुपये से घटाकर 1 रुपये करने का फैसला किया है। इस स्टॉक स्प्लिट की एक्स-डेट और रिकॉर्ड डेट 14 जनवरी 2026 रखी गई है।
कोटक महिंद्रा बैंक का स्टॉक स्प्लिट
प्राइवेट सेक्टर के बड़े बैंक कोटक महिंद्रा बैंक लिमिटेड भी अगले हफ्ते स्टॉक स्प्लिट करने जा रहा है। कंपनी का सिक्योरिटी कोड 500247 है और यह कोटक बैंक नाम से ट्रेड करता है।
बैंक ने अपने शेयर की फेस वैल्यू 5 रुपये से घटाकर 1 रुपये करने का ऐलान किया है। इस स्टॉक स्प्लिट की एक्स-डेट और रिकॉर्ड डेट 16 जनवरी 2026 रखी गई है। इस कदम से शेयर की कीमत कागज पर कम दिखेगी, जिससे ट्रेडिंग में भागीदारी बढ़ सकती है और छोटे निवेशकों के लिए शेयर अधिक किफायती नजर आएंगे।