बिजनेस। शेयर बाजार में 20 नवंबर को जोरदार तेजी देखने को मिल रही है। सेंसेक्स करीब 900 अंक यानी 1.08 प्रतिशत की बढ़त के साथ 83800 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। निफ्टी में भी लगभग 200 अंक यानी 1.02 प्रतिशत की तेजी है और यह 25750 के ऊपर पहुंच गया है। आईटी और रियल्टी शेयरों में सबसे ज्यादा खरीदारी हो रही है।
विदेशी निवेशकों की खरीदारी बनी पहली वजह
लंबे समय से भारतीय बाजार से पैसा निकाल रहे विदेश संस्थागत निवेशकों (FII) ने बीते 7 दिनों में 14927 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे हैं. जब कोई बड़ा खरीदार हजारों करोड़ रुपये के साथ बाजार में उतरता है, तो शेयरों के दाम चढ़ते हैं। इसका सीधा असर सेंसेक्स और निफ्टी की तेजी के रूप में दिखता है।
आंकड़ों के मुताबिक FII ने ताजा कारोबार में 7412 करोड़ रुपये की नेट खरीदारी की। बीते 30 दिनों में उनकी नेट खरीदारी 1,05, 374.4 करोड़ रुपये रही। दूसरी ओर घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने ताजा करोबार में 1357 करोड़ रुपये बीते 7 दिनों में 6482 करोड़ रुपये और बीते 30 दिनों में 47,691 करोड़ रुपये की नेट बिकवाली की है।
कच्चे तेल में राहत दूसरी बड़ी वजह
ब्रेंट क्रूड ऑयल घटकर करीब 90 डॉलर प्रति बैरल के आसपास आ गया है। भारत अपनी जरूरत का 85 प्रतिशत से ज्यादा कच्चा तेल आयात करता है। ऐसे में तेल सस्ता होने से देश का खर्च घटता है और महंगाई काबू में रहने की उम्मीद बढ़ती है। इससे निवेशकों का भरोसा मजबूत होता है, जो बाजार के लिए सकारात्मक संकेत है।
निवेशकों की दौलत 1.83 लाख करोड़ बढ़ी
तेजी के चलते निवेशकों की संपत्ति में आज 1.83 करोड़ रुपये का इजाफा हुआ है। बीएसई पर लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप कल 511.97 लाख करोड़ रुपये था। यह बढ़कर 513.81 लाख करोड़ रुपये हो गया।
जापान और कोरिया का बाजार 5% टूटा
एशियाई बाजारों में आज गिरावट का माहौल है। दक्षिण कोरिया का कोस्पी 5.21 प्रतिशत और जापान का निक्केई 5.06 प्रतिशत टूट गया। हॉन्गकॉन्ग का हैंगसेंग भी 1.89 प्रतिशत फिसला है। इतना ही नहीं अमेरिकी बाजार 19 नवंबर को गिरावट के साथ बंद हुए। डाऊ जोंस 1101 अंक यानी 2.19 प्रतिशत गिरकर 49097 पर बंद हुआ। नैस्डैक 551 अंक यानी 2.25 प्रतिशत टूटकर 23870 पर और एसएंडपी 500 148 अंक यानी 2.02 प्रतिशत फिसलकर 7176 पर रहा।