सोशल मीडिया अकाउंट पर पाबंदी के विरोध में यूथ कांग्रेस ने शुक्रवार 20 नवंबर को Meta के खिलाफ हैदराबाद और मुंबई में प्रदर्शन किया । हैदराबाद में प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कंपनी के कार्यालय परिसर में तोड़फोड़ और नारेबाजी की। वहीं मुंबई में भी Meta के कार्यालय के बाहर विरोध जताया गया।
हैदराबाद में 20 से ज्यादा कार्यकर्ता हिरासत में
तेलंगाना यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जक्किडी शिवचरण रेड्डी के नेतृत्व में करीब 25 कार्यकर्ता हैदराबाद के माधापुर स्थित Meta कार्यालय परिसर पहुंचे । प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि कंपनी राजनीतिक दबाव में विपक्ष की आवाज दबा रही है उन्होंने यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब और राष्ट्रीय प्रभारी मनीष शर्मा के सोशल मीडिया अकाउंट पर लगी पाबंदियां हटाने की मांग की ।
प्रदर्शन के वीडियो में कार्यकर्ता परिसर में नारेबाजी करते और गमले तोड़ते दिखाई दिए। पुलिस ने करीब 20 से 21 कार्यकर्ताओं को एहतियातन हिरासत में लिया। बाद में उन्हें जमानत पर छोड़ दिया गया, पुलिस के मुताबिक Meta की ओर से कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी।
मुंबई में पोस्टर जलाकर जताया विरोध
मुंबई के BKC स्थित Meta कार्यालय के बाहर यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया, इसकी अगुवाई मुंबई यूथ कांग्रेस अध्यक्ष ज़ीनत शबरीन ने की। प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव का पोस्टर भी जलाया ।यूथ कांग्रेस ने Meta को सात दिन का अल्टीमेटम देते हुए प्रतिबंधित अकाउंट और पोस्ट बहाल करने की मांग की है। संगठन ने चेतावनी दी है कि मांगें पूरी नहीं होने पर अदालतों, सड़कों और कंपनी के कार्यालयों में विरोध जारी रहेगा। इस बीच, मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक विरोध प्रदर्शनों के बाद दो अकाउंट बहाल कर दिए । Meta ने कहा है कि भारत में स्थानीय कानूनों के पालन के लिए वह कंटेंट पर प्रतिबंध लगाता है।