IPL 2026 में मंगलवार के दिन पंजाब और गुजरात आमने-सामने होंगे। दोनों टीमों की ताकत, पिच रिपोर्ट, मौसम और संभावित प्लेइंग 11 पर एक नजर।
IPL 2026 का चौथा मुकाबला आज पंजाब किंग्स और गुजरात टाइटंस के बीच खेला जाएगा। यह मैच न्यू चंडीगढ़ के महाराजा यादवेंद्र सिंह स्टेडियम में शाम 7:30 बजे शुरू होगा। टॉस 7 बजे होगा। दोनों टीमें इस सीजन की शुरुआत जीत के साथ करना चाहेंगी। ऐसे में मुकाबला काफी दिलचस्प रहने की उम्मीद है।
इतिहास बराबरी का, टक्कर कांटे की
पंजाब और गुजरात के बीच अब तक IPL में 6 मुकाबले हुए हैं। इस दौरान दोनों टीमों ने 3-3 मैच जीते हैं। यानी आंकड़ों में मुकाबला पूरी तरह बराबरी का है। पिछले सीजन की भिड़ंत में पंजाब ने 11 रन से जीत दर्ज की थी। हालांकि न्यू चंडीगढ़ में हुए एकमात्र मैच में गुजरात ने बाजी मारी थी।
पंजाब को पहले खिताब का इंतजार
गुजरात टाइटंस ने 2022 में अपने डेब्यू सीजन में ही खिताब जीतकर सभी को चौंका दिया था। हालांकि, पिछले सीजन टीम चौथे स्थान पर रही। दूसरी ओर पंजाब किंग्स अब तक एक भी IPL ट्रॉफी नहीं जीत पाई है। पिछले सीजन टीम फाइनल तक पहुंची थी। लेकिन खिताब से चूक गई।
पंजाब की मजबूत बैटिंग
पंजाब की टीम इस बार भी संतुलित नजर आ रही है। ओपनिंग में प्रियांश आर्या और प्रभसिमरन सिंह से तेज शुरुआत की उम्मीद होगी। वहीं, कप्तान श्रेयस अय्यर नंबर तीन पर बल्लेबाजी संभालेंगे। मिडिल ऑर्डर में नेहल वढेरा और शशांक सिंह अहम भूमिका निभाएंगे। ऑलराउंडर मार्कस स्टोयनिस, मार्को यानसन और अजमतुल्लाह ओमरजई टीम को बैलेंस देते हैं। हालांकि, तेज गेंदबाज लॉकी फर्ग्यूसन शुरुआती मैचों में उपलब्ध नहीं होंगे, ऐसे में उनकी जगह जैवियर बार्टलेट या बेन ड्वारशस को मौका मिल सकता है।
गुजरात टाइटंस की मजबूत गेंदबाजी
गुजरात की बल्लेबाजी में कप्तान शुभमन गिल और साई सुदर्शन अहम भूमिका निभाएंगे। ग्लेन फिलिप्स अच्छी फॉर्म में हैं, लेकिन जोस बटलर का हालिया प्रदर्शन टीम के लिए चिंता का विषय है। गेंदबाजी में गुजरात बेहद मजबूत दिख रही है। कगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, ईशांत शर्मा और ल्यूक वुड जैसी तेज गेंदबाजों की फौज है। स्पिन में राशिद खान, साई किशोर और वॉशिंगटन सुंदर टीम को मजबूती देते हैं।
पिच रिपोर्ट: बैलेंस्ड विकेट, दोनों को मदद
महाराजा यादवेंद्र सिंह स्टेडियम की पिच संतुलित मानी जाती है। शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाजों को स्विंग और बाउंस मिल सकता है, लेकिन जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ता है, बल्लेबाजी आसान हो जाती है। यहां अब तक 11 IPL मैच खेले गए हैं, जिनमें 6 बार पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम और 5 बार लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम जीती है। इस मैदान पर सबसे बड़ा स्कोर 228/5 है।
मौसम का हाल
मुल्लांपुर में मैच के दौरान हल्की बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 25% बारिश के आसार हैं। तापमान 18 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।0