आईपीएल 2026 में दिल्ली कैपिटल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच अहम मुकाबला आज खेला जाएगा। प्लेऑफ की उम्मीद बचाने उतरेगी दिल्ली, जबकि KKR जीत की लय जारी रखना चाहेगी।
Indian Premier League 2026 में शुक्रवार को Delhi Capitals और Kolkata Knight Riders के बीच बेहद अहम मुकाबला खेला जाएगा। यह मैच शाम 7:30 बजे दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में होगा।दिल्ली कैपिटल्स के लिए यह मुकाबला करो या मरो जैसा माना जा रहा है। टीम ने अब तक 10 मैचों में सिर्फ चार जीत हासिल की है और प्लेऑफ की दौड़ में बने रहने के लिए उसे अपने बाकी सभी मैच जीतने होंगे। दूसरी तरफ केकेआर लगातार तीन मैच जीतकर शानदार लय में नजर आ रही है।
लगातार जीत से बढ़ा KKR का आत्मविश्वास
केकेआर ने शुरुआती मुकाबलों में संघर्ष किया था, लेकिन टीम अब वापसी करती दिख रही है। नौ मैचों में सिर्फ तीन जीत होने के बावजूद ये तीनों जीत लगातार पिछले मुकाबलों में आई हैं, जिससे टीम का आत्मविश्वास काफी बढ़ा है। Ajinkya Rahane की कप्तानी में टीम संतुलित नजर आ रही है। बल्लेबाजी में रिंकू सिंह, रोवमैन पॉवेल और कैमरून ग्रीन जैसे खिलाड़ी तेजी से रन बना रहे हैं, जबकि गेंदबाजी में सुनील नरेन और वरुण चक्रवर्ती अहम भूमिका निभा रहे हैं।
दिल्ली के सामने जीत के अलावा कोई विकल्प नहीं
दिल्ली कैपिटल्स के लिए अब हर मैच फाइनल जैसा है। टीम को प्लेऑफ की उम्मीद बनाए रखने के लिए लगातार जीत दर्ज करनी होगी।KL Rahul, अक्षर पटेल और ट्रिस्टन स्टब्स पर बल्लेबाजी की बड़ी जिम्मेदारी होगी। वहीं गेंदबाजी में मिशेल स्टार्क, कुलदीप यादव और टी नटराजन से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद रहेगी।दिल्ली की सबसे बड़ी चिंता उसका अस्थिर प्रदर्शन रहा है। टीम कई मुकाबलों में अच्छी शुरुआत के बावजूद मैच खत्म नहीं कर सकी।
हेड टू हेड में KKR का पलड़ा भारी
दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 34 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें केकेआर ने 19 मैच जीते हैं, जबकि दिल्ली को 15 मुकाबलों में सफलता मिली है।दिल्ली के घरेलू मैदान पर भी कोलकाता का रिकॉर्ड बेहतर रहा है। यहां खेले गए 11 मैचों में केकेआर ने छह और दिल्ली ने पांच मुकाबले जीते हैं।सबसे दिलचस्प बात यह है कि 2024 के बाद से दिल्ली कैपिटल्स, केकेआर को एक भी मैच में नहीं हरा सकी है। ऐसे में इस मुकाबले में दिल्ली के सामने पुराना रिकॉर्ड बदलने की भी चुनौती होगी।
संभावित प्लेइंग इलेवन
दिल्ली कैपिटल्स:केएल राहुल (विकेटकीपर), पथुम निसांका, करुण नायर, ट्रिस्टन स्टब्स, नीतीश राणा, अक्षर पटेल (कप्तान), आशुतोष शर्मा, मिशेल स्टार्क, कुलदीप यादव, लुंगी एनगिडी, टी नटराजन।
कोलकाता नाइट राइडर्स:अजिंक्य रहाणे (कप्तान), अंगकृष रघुवंशी, कैमरून ग्रीन, रोवमैन पॉवेल, मनीष पांडे, रिंकू सिंह, अनुकूल रॉय, सुनील नरेन, वैभव अरोड़ा, कार्तिक त्यागी, वरुण चक्रवर्ती।
मुकाबले पर रहेंगी सभी की नजरें
आईपीएल 2026 के प्लेऑफ समीकरण अब बेहद रोमांचक हो चुके हैं। एक तरफ दिल्ली के लिए यह मुकाबला अस्तित्व बचाने की लड़ाई है, वहीं केकेआर लगातार जीत के साथ प्लेऑफ की उम्मीद मजबूत करना चाहेगी।क्रिकेट फैंस की नजरें इस बात पर होंगी कि क्या दिल्ली अपने खराब रिकॉर्ड को तोड़ पाएगी या फिर कोलकाता जीत का चौका लगाएगी।