Breaking News
  • स्वदेश के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर जुड़ें और हर बड़ी खबर सबसे पहले पाएं।
  • YouTube: @SwadeshNews, Facebook: @DainikSwadesh, Instagram: @swadesh_news1, X: @DainikSwadesh

होम > खेल

Argentina Falkland Banner Row

अर्जेंटीना की जीत के जश्न में फॉकलैंड विवाद, इंग्लैंड को हराने के बाद बैनर पर बवाल

फीफा वर्ल्ड कप 2026 में इंग्लैंड को हराने के बाद अर्जेंटीना के खिलाड़ियों के फॉकलैंड बैनर ने नया विवाद खड़ा कर दिया है। जानिए पूरा मामला।


अर्जेंटीना की जीत के जश्न में फॉकलैंड विवाद इंग्लैंड को हराने के बाद बैनर पर बवाल

Fifa World Cup 2026 |

फीफा वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में पहुंचने के बाद अर्जेंटीना की टीम मैदान के बाहर एक बड़े विवाद में घिर गई है। इंग्लैंड को 2-1 से हराने के बाद कुछ अर्जेंटीनी खिलाड़ियों ने ऐसा बैनर लहराया, जिस पर फॉकलैंड द्वीप को लेकर लिखा संदेश ब्रिटेन में नाराजगी की वजह बन गया। मैच के बाद खिलाड़ियों के हाथ में दिखे बैनर पर लिखा था 'Las Malvinas son Argentinas', जिसका मतलब है कि फॉकलैंड द्वीप अर्जेंटीना का है। यह मुद्दा ब्रिटेन और अर्जेंटीना के बीच दशकों पुराने क्षेत्रीय विवाद से जुड़ा है।

जीत के बाद खिलाड़ियों का जश्न बना विवाद

अर्जेंटीना के कप्तान क्रिस्टियन रोमेरो, लिसांड्रो मार्टिनेज और जियोवानी लो सेल्सो समेत कई खिलाड़ी इस बैनर के साथ नजर आए। मिडफील्डर लिएंड्रो परेडेस ने भी बयान देते हुए कहा कि माल्विनास हमेशा अर्जेंटीना का था और रहेगा। इस तस्वीर के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई। कई लोगों ने इसे खेल के मंच पर राजनीतिक संदेश देने की कोशिश बताया, जबकि अर्जेंटीना में इसे राष्ट्रीय भावना से जोड़कर देखा गया।

उपराष्ट्रपति के बयान से और बढ़ा विवाद

अर्जेंटीना की उपराष्ट्रपति विक्टोरिया विलारुएल ने भी खिलाड़ियों के जश्न का वीडियो साझा किया। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक फुटबॉल मैच नहीं था और माल्विनास अर्जेंटीना का है। उनके इस बयान के बाद विवाद और ज्यादा बढ़ गया। फॉकलैंड मुद्दे को लेकर अर्जेंटीना पहले भी फुटबॉल के जरिए अपना पक्ष रखता रहा है। 2014 में एक दोस्ताना मुकाबले से पहले इसी तरह का संदेश दिखाने पर फीफा ने अर्जेंटीना फुटबॉल महासंघ पर जुर्माना लगाया था।

फॉकलैंड को लेकर क्यों है ब्रिटेन-अर्जेंटीना विवाद

दक्षिण अटलांटिक महासागर में स्थित फॉकलैंड द्वीप पर ब्रिटेन का प्रशासनिक नियंत्रण है, लेकिन अर्जेंटीना इसे अपना क्षेत्र बताता है और इसे माल्विनास नाम से पुकारता है। 1982 में इसी विवाद को लेकर दोनों देशों के बीच युद्ध हुआ था। करीब 74 दिनों तक चले इस संघर्ष में सैकड़ों सैनिकों की मौत हुई थी। युद्ध में ब्रिटेन की जीत हुई और तब से द्वीप पर उसका नियंत्रण बना हुआ है, हालांकि अर्जेंटीना आज भी इस पर अपना दावा जारी रखता है।

मैदान पर वापसी ने बदला मैच का रुख

विवाद से अलग मैच की बात करें तो इंग्लैंड ने दूसरे हाफ में एंथनी गॉर्डन के गोल से बढ़त बनाई थी। एक समय ऐसा लग रहा था कि इंग्लैंड लंबे इंतजार के बाद विश्व कप फाइनल में जगह बना लेगा। लेकिन मुकाबले के आखिरी मिनटों में अर्जेंटीना ने शानदार वापसी की। एंजो फर्नांडीज ने बराबरी का गोल किया और इंजरी टाइम में लाउतारो मार्टिनेज ने विजयी गोल दागकर इंग्लैंड की उम्मीदों को खत्म कर दिया। अब टीम लगातार दूसरे विश्व कप खिताब की दौड़ में बनी हुई है।

Related to this topic: