बिजनेस। दीपों का त्योहार शुरू हो गया है। त्योहार के बीच धनतेरस से ठीक पहले सोने और चांदी के दाम फिर चढ़ गए हैं। बुधवार 4 नवंबर को इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन यानी आईबीजीए के भाव के मुताबिक 10 ग्राम 24 कैरेट सोना 4046 रुपये की छलांग लगाकर 1.42 लाख रुपये पर पहुंच गया। चांदी भी पीछे नहीं रही। एक किलो चांदी 9708 रुपये महंगी होकर 1.86 लाख रुपये पर पहुंच गई है। इस बार धन तेरस 6 नवंबर को मनाई जाएगी। ऐसे में खरीदारी का मन बना चुके लोगों को बाजार की यह तेजी जरूर खटकेगी।
साल भर में सोना चढ़ा, चांदी लुढ़की
इस साल बाजार में दोनों धातुओं ने खूब उतार चढ़ाव दिखाया है। 31 दिसंबर 2025 को 10 ग्राम सोना 1.33 लाख रुपये पर था। अब यह 1.42 लाख रुपये पर है। यानी 2026 में अब तक सोना करीब 8000 रुपये महंगा हो चुका है। वहीं, चांदी का हाल उलट रहा। 31 दिसंबर 2025 को एक किलो चांदी 2.30 लाख रुपये की थी। वह अब 1.86 लाख रुपये पर आ गई है। यानी इस सालि चांदी करीब 44 हजार रुपये सस्ती हुई है। इसी बीच 29 जनवरी को सोना 1.76 लाख रुपये और चांदी 3.86 लाख रुपये के ऑलटाइन हाई तक पहुंच गई थी।
एक बार में पूरा निवेश करने से बचें
गोल्ड-सिल्वर में विशेषज्ञता रखने वाले एक्सपर्ट की सलाह है कि सोना चांदी किश्तों में खरीदें। कुछ हिस्सा अभी ले लें और बाकी 15 से 20 दिन के अंतर पर लेते रहें। एक्सपर्ट का कहना है कि निवेश के लिए एक दो महीने की जगह 6 महीने से एक साल तक का नजरिया रखकर खरीदारी करना बेहतर रहता है।
ज्वेलर से सोना लेते समय इन दो बातों का ध्यान रखें
सबसे पहले हमेशा BIS यानी ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड्स का हॉलमार्क लगा सर्टिफाइड सोना ही खरीदें। हॉलमार्क में अल्फान्यूमेरिक नंबर होता है, जैसे AZ4524। इसी से पता चलता है कि सोना कितने कैरेट का है। दूसरी बात, सोने का वजन और उस दिन का भाव कई स्त्रोतों से मिलाकर देखें। इसके लिए IBJA की वेबसाइट भी देख सकते हैं। ध्यान रहे कि 24 कैरेट, 22 कैरेट और 18 कैरेट सोने का भाव अलग-अलग होता है।