Madhya Pradesh CM Diwali Law and Order Meeting

दीपावली से पहले सीएम मोहन यादव का सख्त संदेश, अवैध शराब और कार्बाइड गन पर कठोर कार्रवाई के निर्देश

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दीपावली से पहले कलेक्टर और एसपी को कानून व्यवस्था चाक चौबंद रखने के निर्देश दिए। अवैध शराब, कार्बाइड गन और खाद की किल्लत पर सख्ती के आदेश हुए।

By : स्वदेश डेस्क
दीपावली से पहले सीएम मोहन यादव का सख्त संदेश, अवैध शराब और कार्बाइड गन पर कठोर कार्रवाई के निर्देश

CM Mohan Strict warning For Diwali Festival

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि सभी लोग दीपावली हर्ष और आनंद से मनाएं, परंतु कहीं भी किसी भी प्रकार असामाजिक काम न हों। इसके लिए पुलिस और प्रशासन कानून व्यवस्था की सभी व्यवस्थाएं चाक चौबंद कर लें। बुधवार को मुख्यमंत्री निवास के समत्व भवन से उन्होंने प्रदेश के सभी कलेक्टर्स और पुलिस अधीक्षकों को अर्जेन्ट वीडियो कान्फ्रेंसिंग के जरिए संबोधित किया। उन्होंने साफ कहा कि दीपावली और किसानों के लिए यह पीक का समय है, इसलिए पूरा प्रशासनिक अमला अलर्ट मोड पर रहे।

खाद उर्वरक की किल्लत हुई तो कलेक्टर होंगे जिम्मेदार

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि यह किसानों के लिए खेती किसानी और खाद उर्वरक की जरूरत का वक्त है। किसी भी जिले में किसानों को जरूरत के हिसाब से आपूर्ति में कठिनाई नहीं होनी चाहिए। अगर किसानों को परेशानी आई तो इसके लिए कलेक्टर जिम्मेदार माने जाएंगे। उन्होंने कहा कि कलेक्टर से लेकर कृषि एवं विपणन विभाग के सभी अधिकारी और कर्मचारी अलर्ट मोड पर रहें और किसानों को उनकी जरूरत के अनुसार खाद उर्वरक का वितरण कराएं। बैठक में कृषि सचिव ने बताया कि प्रदेश में खाद आपूर्ति में कोई परेशानी नहीं है।

इसी के साथ मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के जिन 12 जिलों में इस वर्ष सामान्य वर्षा हुई है, वहां आनावारी के आंकड़े आने के बाद जल्द से जल्द सर्वे कराया जाए। सरकार की योजना के तहत पात्रतानुसार किसानों को राहत राशि बांटी जाए।

अवैध शराब पर कठोर कार्यवाही के निर्देश

मुख्यमंत्री ने जिले के अधिकारियों से कहा कि वे अपने जिले में अवैध शराब के उपयोग, निर्माण और परिवहन पर सख्त से सख्त कार्यवाही करें। जहरीली और नकली शराब बनाने वाले स्थानों को चिन्हित किया जाए और ऐसे लोगों पर कठोरतम वैधानिक कार्यवाही हो। उन्होंने कहा कि अवैध शराब बिक्री में एजेन्टी, पैकारी और डायरी व्यवस्था जैसे असामाजिक कार्यों को सख्ती से रोका जाए। शराब का परिवहन करने वाले वाहनों का फिजिकल वेरिफिकेशन किया जाए। वैध लायसेंसी शराब की तय कीमत से अधिक कीमत न ली जाए, यह भी सुनिश्चित किया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस और आबकारी विभाग के अधिकारी समय समय पर मदिरा के नमूने भी लें। अगर उस मदिरा में मानव उपयोग के लिए हानिकारक तत्व पाए जाते हैं तो ऐसे लायसेंसी पर कठोर कार्यवाही की जाए। भविष्य में किसी भी प्रकार की विषम परिस्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए कलेक्टर्स, एसपी और आबकारी अधिकारी मिलकर जिले में एक सुव्यवस्था स्थापित करें।

प्रतिबंधित पटाखे और कार्बाइड गन पर अंकुश

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेश के सभी कलेक्टर्स और एसपी से कहा कि दीपावली के दौरान अवैध और प्रतिबंधित पटाखों का उपयोग न होने पाए। मानव स्वास्थ्य के लिए हानिकारक कार्बाइड गन और कार्बाइड लैंप के उपयोग पर भी अंकुश लगाया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि दीपावली के दौरान बड़े बाजारों में फल, फूल, दिया बाती और झालर जैसी दुकानें लगाने वाले छोटे दुकानदारों को तहबाजारी से छूट दी जाए। उन्हें अनावश्यक परेशान न किया जाए।

धनतेरस पर शत प्रतिशत रजिस्ट्री का लक्ष्य

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में प्लाट और मकान के कच्चे पट्टा धारकों की पक्की रजिस्ट्री कराकर उन्हें निःशुल्क देने का अभियान चल रहा है। उन्होंने सभी कलेक्टर्स से कहा कि वे धनतेरस के दिन अपने जिले के अधिक से अधिक गांव में मुख्यमंत्री रजिस्ट्री योजना यानी स्वामित्व रजिस्ट्री की शत प्रतिशत रजिस्ट्री कराने के लिए स्थानीय सांसद और विधायक के साथ जाएं।

जिन जिलों में पटवारियों और तहसीलदारों ने रजिस्ट्री कराने में उल्लेखनीय काम किया है, उन्हें आगामी 26 जनवरी को सम्मानित किया जाएगा। उनके काम का रिकार्ड रखा जाए और यह बड़ी उपलब्धि उनकी सर्विस बुक में भी दर्ज की जाए।

नशे के खिलाफ अभियान तेज करने के निर्देश

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश को नशामुक्त प्रदेश बनाने के लिए केन्द्र सरकार के मार्गदर्शन में नशामुक्ति अभियान चलाया जा रहा है। इसके लिए जरूरी है कि गांजा, अफीम जैसे मादक पदार्थों की अवैध खेती पर सख्ती से अंकुश लगाया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि नारकोटिक्स कंट्रोल के लिए किंग्सपिन और नारको नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त किया जाए। मादक पदार्थ बनाने वाली लैब्स बंद कराई जाएं। इसके लिए कॉम्बेट टीम बनाकर उसे सक्रिय किया जाए। अपराधियों पर पीआईटी एनडीपीएस एक्ट के तहत सख्त कार्यवाही हो। पुलिस और नारकोटिक्स टीम मिलकर सघन चैकिंग चलाएं।

नशामुक्ति अभियान के लिए गठित जिला स्तरीय समिति यानी एन्कोर कमेटी की लगातार बैठक की जाए। स्कूल, कॉलेज, कोचिंग सेन्टर, बस स्टैण्ड और रेलवे स्टेशन जैसी जगहों पर विशेष निगरानी रखी जाए। अवैध रूप से मादक पदार्थ बेचने वालों के पूरे नेटवर्क का सफाया किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी अधिकारी अपने जिले के जनजातीय और अन्य वर्ग के विद्यार्थियों के लिए बनाए गए छात्रावासों को गोद लें और विद्यार्थियों को गुटखा, तम्बाकू, खैनी जैसे नशे का उपयोग कतई न करने के लिए प्रेरित करें।

नशा मुक्त भारत अभियान के तहत प्रदेश के सभी जिलों में नशा मुक्ति सह पुनर्वास केंद्र स्थापित किए जाएं। जिन जिलों में सामाजिक संस्थाएं नशामुक्ति केंद्र चला रही हैं, उन्हें केंद्र सरकार के सामाजिक अधिकारिता मंत्रालय से अनुदान दिलाया जाए। जिन जिलों में कोई केंद्र नहीं है, वहां स्थापना के लिए प्रस्ताव भेजे जाएं। नशामुक्ति में अच्छा काम करने वाले जिलों की ग्रेडिंग भी की जाएगी।

9 नवम्बर को गोवर्धन पूजा, भोपाल में बड़ा आयोजन

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि 9 नवम्बर को प्रदेश भर में गोवर्धन पूजा के कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। इसी दिन भोपाल में भी बड़ा आयोजन होगा। जिले की सभी गौशालाओं में गौपूजन किया जाए और गाय के सामाजिक, आर्थिक और सांस्कृतिक महत्व को लेकर आयोजन हों। गौशालाओं में टीवी स्क्रीन लगाकर भोपाल के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण गौपालकों और किसानों को दिखाया जाए। गोपाल कृष्ण ग्राम पुरस्कार प्रतियोगिता के वृंदावन ग्राम के विजेता पशुपालकों को नजदीकी गौशाला में बुलाकर शाल, श्रीफल, पगड़ी और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाए। राज्य स्तरीय कार्यक्रम में गोपाल कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना के 6 विजेताओं को पुरस्कार दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गोवर्धन पूजा के जरिए पशुपालकों को सरकार से मिल रहे प्रोत्साहन, अनुदान और तकनीकी सहायता का व्यापक प्रचार प्रसार किया जाए। साथ ही पशुपालकों को दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया जाए। गोवर्धन पूजा के दिन बैलगाड़ी प्रतियोगिता भी कराई जा सकती है।

अनाथालय और वृद्धाश्रम में मनाएं दीपावली

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिले के अधिकारी दीपावली के दिन छोटे बच्चों, गरीब बस्तियों, अनाथालय और वृद्धाश्रम में जाकर उनके साथ दीपावली मनाएं। इस बैठक में मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल, अपर मुख्य सचिव मुख्यमंत्री कार्यालय नीरज मंडलोई, अपर मुख्य सचिव गृह संजय कुमार शुक्ल, अपर मुख्य सचिव शिव शेखर शुक्ला, अपर मुख्य सचिव सह कृषि उत्पादन आयुक्त केसी गुप्ता, पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुखबीर सिंह, प्रमुख सचिव सामाजिक न्याय सोनाली वायंगणकर और एडीजी इंटेलिजेंस अंशुमन यादव सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

संबंधित सामग्री

MP Swamitva Yojana: गांव के मकान पर मालिकाना हक, एमपी में 15 लाख 98 हजार रजिस्ट्रियां पूरी, छिंदवाड़ा टॉप पर

MP Swamitva Yojana: गांव के मकान पर मालिकाना हक, एमपी में 15 लाख 98 हजार रजिस्ट्रियां पूरी, छिंदवाड़ा टॉप पर

मध्यप्रदेश के गांवों में स्वामित्व योजना के तहत 15 लाख 98 हजार 46 रजिस्ट्रियां पूरी हो चुकी हैं। छिंदवाड़ा 74 हजार 2 रजिस्ट्रियों के साथ सबसे आगे है।

Nov 04, 2026
Gold Price Hike: धनतेरस से पहले सोना 4046 रुपये उछलकर 1.42 लाख पर पहुंचा, चांदी 9708 रुपये महंगी

Gold Price Hike: धनतेरस से पहले सोना 4046 रुपये उछलकर 1.42 लाख पर पहुंचा, चांदी 9708 रुपये महंगी

धनतेरस से पहले बुधवार करो सोने चांदी में तेजी रही। IBJA के मुताबिक 10 ग्राम सोना 4046 रुपये बढ़कर 1.42 लाख और चांदी 9708 रुपये चढ़कर 1.86 लाख रुपये किलो हो गई।

Nov 04, 2026
होर्मुज में भारतीय जहाजों को ईरान की विशेष छूट, दवाइयों की जरूरत ने बढ़ाया भारत का सामरिक महत्व

होर्मुज में भारतीय जहाजों को ईरान की विशेष छूट, दवाइयों की जरूरत ने बढ़ाया भारत का सामरिक महत्व

ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने के लिए भारतीय जहाजों को विशेष छूट दी है। भारत से दवाइयों की जरूरत को इसकी बड़ी वजह बताया गया है। चीन, इराक और कतर को भी राहत मिली है।

Nov 04, 2026
Saurabh Chandrakar CBI Remand: सौरभ चंद्राकर 12 नवंबर तक CBI रिमांड पर, दिल्ली लेजाकर होगी पूछताछ

Saurabh Chandrakar CBI Remand: सौरभ चंद्राकर 12 नवंबर तक CBI रिमांड पर, दिल्ली लेजाकर होगी पूछताछ

महादेव सट्टा ऐप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को रायपुर की विशेष सीबीआई अदालत ने 12 नवंबर तक रिमांड पर भेजा है। एजेंसी उसे दिल्ली ले जाकर हवाला और संरक्षण का राज खंगालेगी।

Nov 04, 2026
Shahdol BUS Accident: शहडोल रीवा मार्ग पर खड़े माल वाहन से टकराई बस, सवार यात्रियों में 10 की हालत गंभीर

Shahdol BUS Accident: शहडोल रीवा मार्ग पर खड़े माल वाहन से टकराई बस, सवार यात्रियों में 10 की हालत गंभीर

शहडोल जिले के ब्यौहारी में यात्रियों से भरी बस सड़क किनारे खड़े माल वाहन में पीछे से जा घुसी। हादसे में स्कूली बच्चे समेत करीब 30 लोग घायल हुए। वहीं, 10 की हालत गंभीर है।

Nov 04, 2026