हरगांव थाना क्षेत्र के सीएचसी में इलाज के दौरान 11वीं कक्षा के 11 वर्षीय छात्र विकास की मौत से हड़कंप मच गया। परिजनों का आरोप है कि डॉक्टर के निर्देश पर लगाए गए दो इंजेक्शन के तुरंत बाद छात्र की हालत
Sitapur News: CHC में इलाज के दौरान छात्र की मौत, परिजनों का हंगामा, डॉक्टर पर आरोप |
हिमांशु सिंह, सीतापुर: हरगांव थाना क्षेत्र के सीएचसी में इलाज के दौरान 11वीं कक्षा के 11 वर्षीय छात्र विकास की मौत से हड़कंप मच गया। परिजनों का आरोप है कि डॉक्टर के निर्देश पर लगाए गए दो इंजेक्शन के तुरंत बाद छात्र की हालत बिगड़ गई, मुंह से झाग निकलने लगा और समय पर इलाज न मिलने से उसकी मौत हो गई। घटना के बाद गुस्साए परिजनों ने अस्पताल परिसर में करीब दो घंटे तक जमकर हंगामा किया और स्वास्थ्य विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया।
कंपाउंडर ने लगाए थे इंजेक्शन
मृतक विकास, ग्राम कल्याणपुर निवासी सतीश का पुत्र था। परिजनों के अनुसार बारिश में भीगने के बाद उसे बुखार और खांसी हुई थी। गुरुवार सुबह इलाज के लिए उसे सीएचसी हरगांव लाया गया, जहां डॉक्टर पंकज कुमार के निर्देश पर कंपाउंडर ने दो इंजेक्शन लगाए। आरोप है कि इंजेक्शन लगने के कुछ ही देर बाद विकास की तबीयत अचानक बिगड़ गई, वह बेचैन हो गया और उसके मुंह से झाग निकलने लगा। परिजनों का कहना है कि गंभीर हालत के बावजूद अस्पताल स्टाफ मौके से हट गया, जिससे समय पर इलाज नहीं मिल सका।
डॉक्टर का बयान, इलाज के दौरान हुई मौत
सूचना पर थाना प्रभारी आनंद नारायण त्रिपाठी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाकर शांत कराया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। वहीं, सीएचसी के डॉक्टर पंकज कुमार ने सभी आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि छात्र को गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया था और इलाज के दौरान उसकी मौत हुई। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।