छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष रूपनारायण सिन्हा का बिलासपुर में भाजपा प्रशिक्षण शिविर के दौरान हार्ट अटैक से निधन हो गया। उन्हें साय सरकार में कैबिनेट मंत्री का दर्जा प्राप्त था।
छत्तीसगढ़ की राजनीति से मंगलवार को एक दुखद खबर सामने आई। छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष रूपनारायण सिन्हा का बिलासपुर में कार्डियक अरेस्ट से निधन हो गया। वे भाजपा के दो दिवसीय प्रशिक्षण महाअभियान में शामिल होने तिफरा पहुंचे थे। कार्यक्रम के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके। साय सरकार में कैबिनेट मंत्री का दर्जा प्राप्त रूपनारायण सिन्हा के निधन की खबर फैलते ही भाजपा संगठन और राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई।
प्रशिक्षण शिविर के दौरान बिगड़ी तबीयत
बिलासपुर के तिफरा में भाजपा जिला संगठन की ओर से पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026 का आयोजन किया गया था। यह दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण वर्ग था, जिसकी शुरुआत सोमवार से हुई थी। रूपनारायण सिन्हा इस कार्यक्रम के प्रभारी भी थे और लगातार संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे। मंगलवार को प्रशिक्षण शिविर के समापन के दौरान अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई। मौके पर मौजूद कार्यकर्ताओं और नेताओं ने उन्हें तुरंत बिलासपुर सिम्स अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
भाजपा संगठन में निभाई कई बड़ी जिम्मेदारियां
रूपनारायण सिन्हा लंबे समय से भाजपा संगठन से जुड़े रहे। उन्होंने पार्टी में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालीं और संगठन विस्तार में सक्रिय भूमिका निभाई। योग और सामाजिक गतिविधियों से भी उनका गहरा जुड़ाव था। छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष के तौर पर वे लगातार योग जागरूकता कार्यक्रमों में हिस्सा लेते रहे।राजनीतिक और सामाजिक दोनों क्षेत्रों में उनकी सक्रियता के कारण पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच उनकी अलग पहचान मानी जाती थी।
कार्यक्रम में मौजूद थे कई बड़े नेता
प्रशिक्षण महाअभियान में उपमुख्यमंत्री अरुण साव, सांसद रूपकुमारी चौधरी और विधायक अमर अग्रवाल समेत कई वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि मौजूद थे। घटना के बाद कार्यक्रम स्थल पर माहौल गमगीन हो गया। भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अस्पताल पहुंचकर श्रद्धांजलि दी। परिजन उनका पार्थिव शरीर सिम्स अस्पताल से लेकर रायपुर के लिए रवाना हो गए हैं।
भाजपा नेताओं ने जताया शोक
भाजपा के वरिष्ठ नेता और बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक ने रूपनारायण सिन्हा के निधन को पार्टी के लिए अपूरणीय क्षति बताया। उन्होंने कहा कि सिन्हा ने लंबे समय तक संगठन को मजबूत करने के लिए काम किया और हर जिम्मेदारी को गंभीरता से निभाया। उनके निधन के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में गहरा दुख देखा जा रहा है।