गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में जंगल से भटककर गांव पहुंचे दुर्लभ सफेद भालू ने ग्रामीण पर हमला कर दिया। वन विभाग की टीम मौके पर निगरानी कर रही है।
छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में उस समय दहशत फैल गई जब जंगल से भटककर एक दुर्लभ सफेद भालू आबादी क्षेत्र में पहुंच गया। पेंड्रा के आमाडांड और बसंतपुर गांव में तड़के भालू को मुख्य चौक और बस स्टैंड के आसपास घूमते देखा गया। इस दौरान भालू ने एक ग्रामीण पर हमला कर उसे घायल कर दिया।घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। कई ग्रामीण जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और इलाके में निगरानी बढ़ा दी गई।
घर से निकले ग्रामीण पर किया हमला
जानकारी के मुताबिक आमाडांड क्षेत्र में स्कूल के सामने रहने वाले कैलाश कुमार कासीपुरी सुबह घर से बाहर निकले थे। इसी दौरान सफेद भालू ने उन पर हमला कर दिया।हमले में कैलाश के बाएं हाथ में गंभीर चोट आई है। घायल ग्रामीण को तुरंत पेंड्रा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
गांव में मची दहशत
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार भालू ने कुछ अन्य ग्रामीणों को भी दौड़ाया। अचानक गांव में भालू के पहुंचने से लोगों में भय का माहौल बन गया।ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने पहली बार इस तरह का दुर्लभ सफेद भालू देखा है। घटना के बाद आसपास के गांवों से भी लोग उसे देखने पहुंचने लगे।
वन विभाग की टीम मौके पर तैनात
घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम और डिप्टी रेंजर बंजारा मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों से भालू के करीब न जाने की अपील की है।वन विभाग लगातार भालू की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है और उसे सुरक्षित तरीके से जंगल की ओर वापस भेजने की कोशिश की जा रही है।