Breaking News
  • स्वदेश के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर जुड़ें और हर बड़ी खबर सबसे पहले पाएं।
  • YouTube: @SwadeshNews, Facebook: @DainikSwadesh, Instagram: @swadesh_news1, X: @DainikSwadesh

होम > प्रदेश > उत्तर प्रदेश

Badnauli Firing News

Badnauli Firing: बदनौली फायरिंग में पुलिस का शिकंजा, पांच आरोपी गिरफ्तार

सिटी कोतवाली क्षेत्र के बदनौली गांव में शुक्रवार सुबह पुरानी रंजिश को लेकर हुए खूनी संघर्ष के मामले में पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।


badnauli firing बदनौली फायरिंग में पुलिस का शिकंजा पांच आरोपी गिरफ्तार

Badnauli Firing: बदनौली फायरिंग में पुलिस का शिकंजा, पांच आरोपी गिरफ्तार |

प्रमोद शर्मा, हापुड़: सिटी कोतवाली क्षेत्र के बदनौली गांव में शुक्रवार सुबह पुरानी रंजिश को लेकर हुए खूनी संघर्ष के मामले में पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त कार और अवैध असलहा बरामद करने का दावा किया है। उधर, गोलीबारी में घायल चार लोगों का अस्पताल में उपचार चल रहा है। घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।

बताया गया कि शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे बदनौली गांव में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि एक पक्ष ने पहले पथराव किया और इसके बाद फायरिंग कर दी। गोलियां चलने से गांव में अफरा-तफरी मच गई। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। फायरिंग में विजय उर्फ बंटी, दीपक और महिला मुनेश को गोली लगने से चोट आई, जबकि अंकित पथराव में घायल हो गया। चारों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें दो घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

सूचना मिलते ही गांव में पहुंची पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही सीओ अनीता चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। मामले की गंभीरता को देखते हुए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया। एडिशनल एसपी विनीत भटनागर ने भी जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना।

पुलिस के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच करीब दो साल से विवाद और रंजिश चली आ रही थी। शुक्रवार सुबह इसी पुरानी रंजिश ने फिर तूल पकड़ लिया। घायल पक्ष ने दूसरे पक्ष पर फायरिंग करने के आरोप लगाए हैं। मामले में लगाए गए अन्य आरोपों की भी पुलिस जांच कर रही है।

पांच आरोपी गिरफ्तार, असलहा और कार बरामद

पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच अभियुक्त संदीप पुत्र अमरपाल, जगदीश पुत्र अमरपाल, विपिन पुत्र अमरपाल, सचिन पुत्र ओमपाल, कपिल पुत्र ओमपाल निवासी ग्राम बदनौली थाना हापुड़ नगर जनपद हापुड़ को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई कार तथा अवैध असलहा बरामद किया गया है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर घटना में शामिल अन्य लोगों और विवाद की पूरी वजह का पता लगाने में जुटी है।

गांव में पुलिस का पहरा

फायरिंग की घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है। पुलिस अधिकारी लगातार गांव की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। पुलिस का कहना है कि किसी भी स्थिति में कानून-व्यवस्था बिगड़ने नहीं दी जाएगी।
पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि बदनौली की घटना में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से कार और घटना में प्रयुक्त अवैध असलहा बरामद हुआ है। मामले में साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Related to this topic: