विकासखंड भादर क्षेत्र की बुधइयापुर भागीपुर ग्रामसभा में लगातार हो रही बारिश के बीच एक कच्चा मकान भरभराकर गिर गया। मकान गिरने से उसमें रखा गृहस्थी का सामान मलबे में दब गया।
शिवपूजन मिश्रा, भादर (अमेठी): विकासखंड भादर क्षेत्र की बुधइयापुर भागीपुर ग्रामसभा में लगातार हो रही बारिश के बीच एक कच्चा मकान भरभराकर गिर गया। मकान गिरने से उसमें रखा गृहस्थी का सामान मलबे में दब गया। हालांकि परिवार के सभी सदस्य समय रहते घर से बाहर निकल गए, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया।
पीड़ित प्रेमकुमार वर्मा ने बताया कि तेज बारिश के कारण मकान की दीवारें कमजोर हो गई थीं। मकान पहले से ही जर्जर हालत में था। बारिश के बीच अचानक दीवारों में दरार और हलचल महसूस हुई तो परिवार के लोग बाहर निकल आए। कुछ देर बाद मकान भरभराकर गिर पड़ा। हादसे में घरेलू सामान मिट्टी और मलबे में दब गया।
मकान गिरने के बाद परिवार के सामने रहने की समस्या खड़ी हो गई है। पीड़ित ने बताया कि हादसे में उन्हें काफी आर्थिक नुकसान हुआ है। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर मलबा हटाने में परिवार की मदद की। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार बारिश से क्षेत्र में कच्चे और जर्जर मकानों के गिरने का खतरा बढ़ गया है। प्रशासन को ऐसे मकानों का सर्वे कराकर जरूरतमंद परिवारों को सुरक्षित स्थान और आर्थिक सहायता उपलब्ध करानी चाहिए। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से नुकसान का आकलन कर नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।