Mother Dairy Milk Price Hike: मध्य प्रदेश के आम नागरिकों और उपभोक्ताओं के किचन का बजट एक बार फिर गड़बड़ा गया है। अमूल और सांची के बाद अब मदर डेयरी ने भी प्रदेश में अपने दूध की कीमतों में इजाफा कर दिया है। मदर डेयरी के अलग-अलग वैरिएंट के दामों में 2 से 4 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी की गई है, और ये नई दरें 14 नवंबर से प्रभावी हो गई हैं।
तीन दिनों में तीन ब्रांड्स ने बढ़ाई कीमतें
प्रदेश में दूध की कीमतों में लगातार हो रही इस वृद्धि से आम परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ना तय है। 12 नवंबर को सबसे पहले अमूल ने दूध की कीमतों में 2 से 4 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की। इसके आब 14 नवंबर को इसके बाद प्रदेश के सबसे बड़े ब्रांड सांची ने भी आज से दूध के दाम 4 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ा दिए। और अब मदर डेयरी ने भी अपने सभी वैरिएंट की कीमतों में इजाफा करते हुए नई दरें लागू कर दी हैं।
इन शहरों में पड़ेगा सीधा असर
मदर डेयरी की मध्य प्रदेश में रोजाना सप्लाई लगभग 1.5 लाख लीटर है, जिसके चलते इस फैसले का असर देखने को मिलेगा। अकेले राजधानी भोपाल में मदर डेयरी की प्रतिदिन खपत करीब 25 हजार लीटर है। भोपाल के अलावा मंडीदीप, इटारसी, नर्मदापुरम, सागर, विदिशा, ललितपुर, हरदा और इंदौर में भी मदर डेयरी के दूध की नियमित सप्लाई होती है। कीमतें बढ़ने से इन सभी शहरों के लाखों उपभोक्ताओं की जेब पर सीधा असर पड़ेगा।