मेरठ के माधवपुरम में अचानक तेज धमाके के साथ व्हाइट टॉपिंग सड़क फट गई। बाइक सवार बाल-बाल बचा। पूरी घटना CCTV में कैद, सड़क निर्माण पर उठे सवाल।
मेरठ के माधवपुरम इलाके में शनिवार दोपहर उस समय अफरातफरी मच गई, जब व्हाइट टॉपिंग सड़क अचानक जोरदार धमाके के साथ फट गई। धमाका इतना तेज था कि आसपास मौजूद लोग घबरा गए। घटना के दौरान वहां से गुजर रहा एक बाइक सवार बाल-बाल बच गया। पूरी घटना पास लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसका वीडियो अब तेजी से वायरल हो रहा है,
घटना के बाद इलाके में सड़क निर्माण की गुणवत्ता और सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर उस समय सड़क पर ज्यादा ट्रैफिक होता तो बड़ा हादसा हो सकता था। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
अचानक धमाके के साथ फटी व्हाइट टॉपिंग सड़क
जानकारी के मुताबिक घटना दोपहर करीब 1:15 बजे की है। माधवपुरम क्षेत्र में बनी व्हाइट टॉपिंग सड़क अचानक तेज आवाज के साथ फट गई सड़क की ऊपरी सतह उखड़ गई और आसपास धूल फैल गई।
उसी समय वहां से गुजर रहा एक बाइक सवार अचानक हुए धमाके से घबरा गया, लेकिन उसने किसी तरह बाइक संभाल ली और बड़ी दुर्घटना टल गई।
CCTV वीडियो आने के बाद मचा हड़कंप
घटना पास लगे निगरानी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। फुटेज में सड़क फटने का दृश्य साफ दिखाई दे रहा है वीडियो सामने आने के बाद इलाके में लोगों की भीड़ जमा हो गई और सड़क निर्माण को लेकर नाराजगी बढ़ गई।
स्थानीय भाजपा पार्षद दीपक वर्मा ने बताया कि CCTV फुटेज में धमाके का पूरा दृश्य कैद हुआ है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
सड़क के नीचे गैस बनने की आशंका
प्राथमिक जांच में माना जा रहा है कि सड़क के नीचे बने नाले में गैस जमा हो गई थी। बताया जा रहा है कि नाले में गोबर और अन्य कचरे से गैस बनी होगी. जिसका दबाव बढ़ने के कारण सड़क के अंदर विस्फोट जैसा असर हुआ।
हालांकि प्रशासन की ओर से अभी तक आधिकारिक तकनीकी रिपोर्ट जारी नहीं की गई है।
सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर उठे सवाल
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क निर्माण में घटिया सामग्री इस्तेमाल होने का आरोप लगाया है। लोगों का कहना है कि नई बनी सड़क का इस तरह फटना गंभीर लापरवाही को दिखाता है।
नगर आयुक्त सौरभ गंगवार ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच और सड़क की जल्द मरम्मत कराने का आश्वासन दिया है। अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण कर रही है।