कहते हैं कि इंसान कितना भी बड़ा पद हासिल कर ले, मां के सामने वह हमेशा बच्चा ही रहता है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ भी कुछ ऐसा ही भावुक पल देखने को मिला। अपनी मां सावित्री देवी को अंतिम विदाई देते समय योगी आदित्यनाथ की आंखें भर आईं। मां के पार्थिव शरीर के पास श्रद्धांजलि देते हुए वह अपने आंसू नहीं रोक सके। कभी रूमाल से आंखें पोंछते तो कभी मां के अंतिम दर्शन करते नजर आए। इसके बाद उन्होंने मां की अर्थी को कंधा दिया। यह दृश्य वहां मौजूद लोगों को भी भावुक कर गया।
मां को अंतिम विदाई देते भावुक हुए CM योगी
शनिवार को उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल स्थित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पैतृक गांव पंचूर में उनकी मां सावित्री देवी की अंतिम विदाई की रस्में पूरी की गईं। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी अपनी मां के पार्थिव शरीर के पास पहुंचे और उन्हें श्रद्धांजलि दी। मां को खोने का दुख उनके चेहरे पर साफ नजर आया। वह काफी देर तक भावुक रहे और रूमाल से अपने आंसू पोंछते दिखाई दिए।
नास्ति मातृसमा छाया नास्ति मातृसमा गतिः।
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) November 21, 2026
नास्ति मातृसमं त्राणं नास्ति मातृसमा प्रिया॥
🙏 https://t.co/usBszRtWjQ
इसके बाद मुख्यमंत्री ने मां की अर्थी को कंधा दिया। अंतिम यात्रा उत्तराखंड के हरिद्वार स्थित चंडीघाट के लिए रवाना हुई, जहां सावित्री देवी का अंतिम संस्कार किया जाना है।
91 साल की उम्र में हुआ सावित्री देवी का निधन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का शुक्रवार को 91 साल की उम्र में निधन हो गया था। मां के निधन की खबर मिलने के बाद मुख्यमंत्री अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे थे। शुक्रवार को ही उन्होंने मां के पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन कर श्रद्धांजलि दी थी।शनिवार को अंतिम संस्कार की प्रक्रिया के दौरान योगी आदित्यनाथ का भावुक रूप सामने आया। मां को अंतिम विदाई देते समय उनकी आंखों से छलके आंसुओं ने वहां मौजूद लोगों को भी भावुक कर दिया।
कार्यक्रम के बीच मिली थी मां के निधन की खबर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को शुक्रवार को गोरखपुर में एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान मां के निधन की सूचना मिली थी। उस समय वह चंपा देवी पार्क में आयोजित टैबलेट वितरण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस कार्यक्रम में 50 हजार से ज्यादा लाभार्थियों को टैबलेट वितरित किए जाने थे.मां के निधन की दुखद खबर मिलने के बावजूद मुख्यमंत्री ने अपना संबोधन पूरा किया। इसके बाद उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद युवाओं से मुलाकात की और गोरखनाथ मंदिर के लिए रवाना हो गए। फिर वह अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे।