जबलपुर में तेज रफ्तार बस ट्रैक्टर से टकराई, 50 से ज्यादा यात्री घायल और 6 की हालत गंभीर। ओवरटेक के दौरान हुआ हादसा, पुलिस ने चालक को हिरासत में लिया।
मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में मंगलवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। कटनी से जबलपुर आ रही तेज रफ्तार यात्री बस गोसलपुर के पास ट्रैक्टर से टकरा गई। इस हादसे में 50 से अधिक यात्री घायल हुए हैं, जिनमें 6 की हालत गंभीर बताई जा रही है।घटना सुबह करीब 10:30 बजे एनएच-30 पर हुई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस चालक ने ओवरटेक करने की कोशिश की, इसी दौरान बस आगे चल रहे गेहूं से भरे ट्रैक्टर से टकरा गई और अनियंत्रित होकर पलट गई।
मौके पर मची अफरा-तफरी
हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और डायल 100 व निजी वाहनों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
घायलों का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज
पुलिस के अनुसार 18 घायलों का इलाज गोसलपुर में किया जा रहा है। 21 यात्रियों को सिविल अस्पताल सिहोरा में भर्ती कराया गया है।वहीं 6 गंभीर रूप से घायल लोगों को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
चालक की लापरवाही आई सामने
गोसलपुर थाना प्रभारी के अनुसार हादसा बस चालक की लापरवाही के कारण हुआ. ओवरटेक के दौरान बस ट्रैक्टर से टकरा गई, जिससे यह बड़ा हादसा हुआ।पुलिस ने बस चालक को हिरासत में लेकर वाहन जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।