इंदौर के नायता मुंडला इलाके में पटाखा दुकान में भीषण आग लग गई। आग के बीच लगातार पटाखे फूटते रहे और रॉकेट उड़ते रहे। कार और दोपहिया वाहन भी जल गए।
इंदौर। शहर के नायता मुंडला इलाके में मंगलवार शाम अचानक उस समय हड़कंप मच गया। जब एक पटाखा दुकान में भीषण आग लग गई। कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया और इलाके में लगातार धमाकों की आवाजें गूंजने लगीं। आग इतनी तेज थी कि दुकान में रखे पटाखे फूटने लगे और रॉकेट इधर-उधर उड़ने लगे। आसपास मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। हादसे में एक कार पूरी तरह जल गई, जबकि कुछ दोपहिया वाहन भी आग की चपेट में आ गए।
घटना के दौरान सबसे ज्यादा डर इस बात का था कि दुकान के ऊपर जिम संचालित हो रहा था। आग की लपटें ऊपर तक पहुंच गई थीं, जिससे बड़ा हादसा होने की आशंका बढ़ गई थी।
पटाखों के धमाकों से दहशत में आया पूरा इलाका
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग शाम करीब 5:40 बजे लगी। देखते ही देखते दुकान से काला धुआं उठने लगा और अंदर रखे पटाखे फूटने लगे। लगातार धमाकों और उड़ते रॉकेट्स ने आसपास के लोगों को दहशत में डाल दिया। लोग जान बचाने के लिए दुकानों और सड़कों से दूर भागते नजर आए। कई लोगों ने अपनी गाड़ियां हटाने की कोशिश की, लेकिन एक कार आग की चपेट में आकर पूरी तरह जल गई। पास खड़े एक आयशर वाहन को स्थानीय लोगों ने दूसरे वाहन की मदद से खींचकर सुरक्षित जगह पहुंचाया। अगर वह भी आग की चपेट में आ जाता तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी।
जिम तक पहुंचीं लपटें, टला बड़ा हादसा
दुकान जिस बिल्डिंग में थी, उसके ऊपर जिम भी संचालित हो रहा था। आग की तेज लपटें और धुआं ऊपर तक पहुंच गया था, जिससे वहां मौजूद लोगों में घबराहट फैल गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक, पास में एक अंडे की दुकान भी थी, लेकिन वह बंद होने की वजह से आग अंदर नहीं फैल सकी। इससे आसपास की दुकानों तक आग पहुंचने से बच गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कुछ देर तक इलाके में ऐसा माहौल था जैसे छोटे-छोटे धमाके लगातार हो रहे हों। सड़क पर उड़ते रॉकेट्स ने फायर टीम और स्थानीय लोगों की मुश्किलें भी बढ़ा दीं।
रॉकेट डेमो के दौरान हादसे की आशंका
फायर ब्रिगेड अधिकारियों के अनुसार, आग लगने की सूचना शाम 5:55 बजे मिली थी। इसके बाद तुरंत दो फायर ब्रिगेड गाड़ियां मौके पर रवाना की गईं। शुरुआती जानकारी में यह बात सामने आई है कि संभवतः किसी रॉकेट को चलाकर दिखाया जा रहा था और वह दुकान के अंदर चला गया, जिससे आग भड़क गई। हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस और फायर विभाग दोनों मामले की जांच कर रहे हैं। आग लगने के असली कारण का पता लगाने के लिए आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
ट्रैफिक जाम बना राहत कार्य में बाधा
मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड टीम को आग बुझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। बताया जा रहा है कि तीम इमली और नेमावर रोड पर ट्रैफिक जाम होने के कारण फायर ब्रिगेड को पहुंचने में देरी हुई। इसी दौरान पुलिस ने इलाके को खाली कराया और लोगों को सुरक्षित दूरी पर रखा। समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, वरना आसपास की दुकानों और इमारतों तक आग फैल सकती थी। फिलहाल घटना में किसी जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन हादसे ने एक बार फिर घनी आबादी वाले इलाकों में पटाखा गोदामों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।