जिले की तीनों तहसीलों में शनिवार को आयोजित समाधान दिवस में फरियादियों की भीड़ उमड़ी। जमीन, पुलिस, राजस्व, बिजली, स्वास्थ्य समेत विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याओं को लेकर कुल 116 शिकायतें अधिकारियों के
Hapur Samadhan Diwas: समाधान दिवस में उमड़ा शिकायतों का अंबार, 116 फरियादियों ने सुनाई पीड़ा |
प्रमोद शर्मा, हापुड़: जिले की तीनों तहसीलों में शनिवार को आयोजित समाधान दिवस में फरियादियों की भीड़ उमड़ी। जमीन, पुलिस, राजस्व, बिजली, स्वास्थ्य समेत विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याओं को लेकर कुल 116 शिकायतें अधिकारियों के सामने पहुंचीं। अधिकारियों ने मौके पर ही 21 शिकायतों का निस्तारण कर दिया, जबकि शेष शिकायतों के समाधान के लिए संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
धौलाना में डीएम ने सुनी फरियादियों की पीड़ा
तहसील धौलाना में जिलाधिकारी कविता मीना की अध्यक्षता में समाधान दिवस आयोजित हुआ। यहां कुल 32 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से चार शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। डीएम ने एक-एक शिकायत को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों से कार्रवाई की जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को दो टूक निर्देश दिए कि समाधान दिवस में आने वाली शिकायतों को महज कागजी खानापूर्ति तक सीमित न रखा जाए। प्रत्येक शिकायत का समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी शिकायतकर्ता को बेवजह परेशान न किया जाए और उसकी बात शांतिपूर्वक सुनकर समस्या का समाधान कराया जाए। डीएम ने स्पष्ट किया कि जिन मामलों में जांच की आवश्यकता है, उनमें अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच करें और रिपोर्ट के आधार पर शिकायत का निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि समाधान दिवस की शासन स्तर से लगातार मॉनिटरिंग की जाती है, इसलिए अधिकारी शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतें।
गढ़मुक्तेश्वर में सबसे ज्यादा शिकायतें
गढ़मुक्तेश्वर तहसील में मुख्य विकास अधिकारी श्रुति शर्मा की अध्यक्षता में समाधान दिवस हुआ। यहां फरियादियों की समस्याओं का अंबार देखने को मिला। कुल 52 शिकायतें अधिकारियों के सामने पहुंचीं, जिनमें से 12 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को भेजते हुए समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
हापुड़ तहसील में 32 शिकायतें, पांच का तत्काल समाधान
हापुड़ तहसील में अपर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में समाधान दिवस आयोजित हुआ। यहां 32 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से पांच का मौके पर निस्तारण कर दिया गया। अधिकारियों ने शेष मामलों में संबंधित विभागों को जल्द कार्रवाई करने के निर्देश दिए। समाधान दिवस में उप जिलाधिकारी, तहसीलदार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी सहित विभिन्न विभागों के जनपद स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने फरियादियों को भरोसा दिलाया कि उनकी शिकायतों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।