बृजेश मिश्रा ब्यूरो रिपोर्ट, अमेठी: कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित जनसुनवाई में जिलाधिकारी शशांक चौधरी ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई में भूमि विवाद, राजस्व, विकास, चिकित्सा समेत अन्य विभागों से जुड़ी शिकायतें लेकर बड़ी संख्या में फरियादी पहुंचे। डीएम ने प्रत्येक शिकायतकर्ता की समस्या को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त सभी शिकायतों का निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी ढंग से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा आमजन की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान कराना है। ऐसे में अधिकारी शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर लेकर कार्रवाई करें।
डीएम ने कहा, शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी
उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी शिकायत के निस्तारण में अनावश्यक विलंब या लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी। अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि शिकायतों के निस्तारण के बाद संबंधित शिकायतकर्ता को इसकी जानकारी अवश्य उपलब्ध कराई जाए। डीएम ने अधिकारियों से कहा कि जनसुनवाई में आने वाली शिकायतों का समाधान केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहे। जरूरत के अनुसार मौके पर जाकर वास्तविक स्थिति की जांच की जाए और नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
प्रशासनिक कार्रवाई में पारदर्शिता और जवाबदेही पर जोर
जिलाधिकारी ने कहा कि जनसुनवाई शासन और आमजन के बीच सीधे संवाद का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसमें प्राप्त शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण से लोगों को राहत मिलने के साथ प्रशासन के प्रति विश्वास भी मजबूत होता है। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ शिकायतें सुनने और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।