Breaking News
  • यूपीः अमरोहा में हाईवे पर ट्रक में घुसी कार, 4 की मौत, झपकी आने से हादसा
  • शरद पवार बोले- PM देश के लिए काम कर रहे: जब बात देश के सम्मान की हो, तब राजनीतिक मतभेद बीच में नहीं लाना चाहिए
  • बंगाल में जहां दोबारा चुनाव, वहां TMC कैंडिडेट पीछे हटा: फालता में परसों वोटिंग
  • MP के 41 हजार मेडिकल स्टोर्स बंद, दवा की ऑनलाइन बिक्री का विरोध
  • अमेरिकी संसद में ईरान जंग रोकने वाला प्रस्ताव पास: ट्रम्प के 4 सांसदों ने उनके खिलाफ वोटिंग की

होम > प्रदेश > नई दिल्ली

Deepika Nagar Death Case Postmortem Report

दीपिका नागर केस: PM रिपोर्ट में खुलासा, शरीर पर मिले कई गंभीर चोटों के निशान, क्या है पूरा मामला?

ग्रेटर नोएडा की दीपिका नागर मौत मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने कई सवाल खड़े किए हैं। शरीर पर गंभीर चोटें और अंदरूनी रक्तस्राव मिलने से जांच तेज हो गई है।


दीपिका नागर केस pm रिपोर्ट में खुलासा शरीर पर मिले कई गंभीर चोटों के निशान क्या है पूरा मामला

Crime News |

ग्रेटर नोएडा के जलपुरा गांव की 24 वर्षीय विवाहिता दीपिका नागर की संदिग्ध मौत अब बड़ा दहेज हत्या मामला बनती जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आए कई गंभीर चोटों और अंदरूनी रक्तस्राव ने पुलिस जांच को नई दिशा दे दी है। परिवार ने ससुराल पक्ष पर हत्या कर आत्महत्या का रूप देने का आरोप लगाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार दीपिका के शरीर पर कई बाहरी और अंदरूनी चोटें मिली हैं। रिपोर्ट में चेहरे, हाथ, पैर, कमर और पेट पर गहरे घाव और दबाव के निशान दर्ज किए गए हैं। डॉक्टरों को मस्तिष्क में खून का थक्का, फटी हुई तिल्ली और शरीर के कई हिस्सों में अंदरूनी रक्तस्राव भी मिला है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में क्या-क्या सामने आया?

रिपोर्ट के मुताबिक दीपिका के चेहरे के दाहिने हिस्से पर करीब 12 सेंटीमीटर लंबा और 9 सेंटीमीटर चौड़ा गहरा कंट्यूजन मिला। बाएं हाथ की कोहनी और फोरआर्म पर भी चोटों के निशान पाए गए। सबसे गंभीर चोट दाहिनी जांघ पर दर्ज की गई। यहां लगभग 38 सेंटीमीटर लंबा और 14 सेंटीमीटर चौड़ा गहरा दबाव और नीला निशान मिला। इसके अलावा बाएं घुटने पर हड्डी तक गहरा घाव पाया गया। कमर और पेट के निचले हिस्से में भी कई चोटों के निशान दर्ज किए गए हैं। दोनों हाथों और शरीर के अन्य हिस्सों पर भी दबाव और मारपीट जैसे निशान पाए गए।

अंदरूनी जांच में मिले चौंकाने वाले तथ्य

पोस्टमार्टम की आंतरिक जांच में डॉक्टरों ने मस्तिष्क के मध्य और बाईं ओर हेमेटोमा यानी खून का थक्का पाया। इसके अलावा तिल्ली फटी हुई मिली और कई हिस्सों में अंदरूनी रक्तस्राव दर्ज किया गया। रिपोर्ट में हृदय के चैंबर खाली होने और बाईं किडनी के पीले होने का भी उल्लेख किया गया है। फोरेंसिक विशेषज्ञों के अनुसार ऐसी स्थिति गंभीर अंदरूनी रक्तस्राव या अत्यधिक शारीरिक आघात की ओर संकेत करती है। बाएं कान से खून निकलने की बात भी सामने आई है, जिससे सिर पर गंभीर चोट की आशंका और बढ़ गई है।

विसरा जांच के लिए भेजा गया

मौत के सटीक कारणों की पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस ने विषैले पदार्थ की आशंका को देखते हुए विसरा सुरक्षित कर जांच के लिए भेजा है। अधिकारियों का कहना है कि फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

दहेज हत्या का आरोप, कई आरोपी फरार

दीपिका के पिता संजय नागर ने पति ऋतिक, ससुर मनोज, सास पूनम, ननद नेहा और तन्नी के अलावा चचिया ससुर प्रमोद और विनोद के खिलाफ ईकोटेक-3 कोतवाली में एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस अब तक पति और ससुर को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। वहीं सास, ननद और अन्य आरोपी घर पर ताला लगाकर फरार बताए जा रहे हैं। आरोपियों की तलाश में पुलिस की चार टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

स्कॉर्पियो और एक करोड़ के बाद भी नहीं भरा लालच

मायके पक्ष का आरोप है कि शादी 11 दिसंबर 2024 को हुई थी और दहेज में स्कॉर्पियो गाड़ी और बड़ी रकम दी गई थी। इसके बावजूद ससुराल पक्ष फॉर्च्यूनर कार और 50 लाख रुपये की अतिरिक्त मांग कर रहा था। परिजनों का कहना है कि मांग पूरी नहीं होने पर दीपिका को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। रविवार को भी दीपिका ने फोन कर मारपीट की जानकारी दी थी।

'छत से गिरने' की सूचना पर अस्पताल पहुंचे परिजन

परिजनों के अनुसार रात करीब 11 बजे दीपिका के ससुर ने फोन कर बताया कि वह छत से गिर गई है। इसके बाद परिवार शारदा अस्पताल पहुंचा, जहां दीपिका का शव मिला। परिजनों का आरोप है कि शरीर पर चोटों और खून के निशानों से साफ था कि उसके साथ बुरी तरह मारपीट की गई थी। परिवार का दावा है कि हत्या के बाद मामले को आत्महत्या दिखाने की कोशिश की गई। वहीं, पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मानसिक प्रताड़ना के चलते आत्महत्या की बात सामने आई थी। लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद सभी पहलुओं की दोबारा जांच की जा रही है।

Related to this topic: