CM Mohan Ujjain: मध्यप्रदेश के मुखिया डॉ. मोहन यादव ने अपने उज्जैन प्रवास के दौरान दीपावली मिलन समारोह का शुभारंभ करते हुए शहर को 1211.34 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी है। इस दौरान उन्होंने सिंहस्थ 2028 की तैयारियों, धार्मिक पर्यटन के विस्तार, सड़क चौड़ीकरण से प्रभावित नागरिकों के पुनर्वास और किसानों के हितों को लेकर कई बड़े ऐलान किए।
1200 करोड़ की दी सौगात
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने उज्जैन में शिप्रा तट स्थित प्रसिद्ध अंगारेश्वर महादेव मंदिर, शक्तिपीठ गढ़कालिका माता तीर्थ क्षेत्र और महर्षि सांदीपनि आश्रम के विकास कार्यों का भूमि-पूजन किया। साथ ही सिंहस्थ महाकुंभ के आयोजन को लेकर मेला क्षेत्र में नई सड़कों और सीवर लाइन के विस्तार का कार्य तेजी से चल रहा है। इस कड़ी में किसानों को भूमि अधिग्रहण के एवज में 4 गुना मुआवजा के चेक प्रदान किए गए हैं।
मुख्यमंत्री की बड़ी घोषणाएं
सीएम ने घोषणा की कि सड़क चौड़ीकरण के दौरान जिन परिवारों ने स्वेच्छा से अपने मकान छोड़े हैं और जो लोग बेघर हुए हैं, सरकार उनके लिए मल्टीस्टोरी आवासीय योजना तैयार कर नि:शुल्क मकान उपलब्ध कराएगी। सड़क चौड़ीकरण से जिनकी दुकानें या रोजगार प्रभावित हुए हैं, उन्हें उज्जैन में चिन्हित खाली जमीनों पर मार्केट विकसित कर दुकानें आवंटित की जाएंगी, जिससे किसी की रोजी-रोटी प्रभावित न हो। उज्जैन में वन्यजीव संरक्षण और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए आगामी 17 नवंबर को चिड़ियाघर और रेस्क्यू सेंटर का भूमि-पूजन किया जाएगा।
सीएम मोहन का संबोधन
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुदूर दृष्टि और मजबूत इच्छाशक्ति के कारण ही काशी विश्वनाथ कॉरिडोर और उज्जैन में बाबा महाकाल के महालोक का निर्माण संभव हो पाया है। वर्ष 2022 के बाद से उज्जैन के तीर्थाटन और बुनियादी ढांचे में 360 डिग्री का सकारात्मक बदलाव आया है। उन्होंने विपक्ष के बयानों और एसआईआर प्रक्रिया पर भी निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव आयोग की प्रक्रिया से ही घुसपैठिए वोटर लिस्ट से बाहर हुए हैं।