इंदौर में ब्रिक्स युवा उद्यमिता कार्य समूह की बैठक शुरू हुई। स्टार्टअप, एआई, ग्रीन बिजनेस और डिजिटल इनोवेशन पर भारत समेत कई देशों के युवा उद्यमी मंथन कर रहे हैं।
इंदौर में ब्रिक्स देशों के युवा उद्यमियों और प्रतिनिधियों की अहम बैठक आयोजित की जा रही है। BRICS युवा उद्यमिता कार्य समूह की इस बैठक में भारत समेत कई सदस्य और सहयोगी देशों के प्रतिनिधि शामिल हुए हैं। मैरियट होटल में आयोजित यह बैठक 20 मई से शुरू हुई और 21 मई तक चलेगी।
बैठक का मुख्य फोकस युवाओं के नेतृत्व वाले स्टार्टअप, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, सामाजिक नवाचार और ग्रीन बिजनेस मॉडल पर चर्चा करना है। कार्यक्रम को भारत के बढ़ते स्टार्टअप इकोसिस्टम और वैश्विक सहयोग के नजरिए से भी काफी अहम माना जा रहा है।
प्रदर्शनी के उद्घाटन से हुई बैठक की शुरुआत
ब्रिक्स युवा उद्यमिता कार्य समूह की बैठक की शुरुआत प्रदर्शनी के उद्घाटन के साथ हुई। केंद्रीय युवा मामले एवं खेल राज्य मंत्री रक्षा निखिल खडसे ने प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। इसके बाद युवा मामलों के विभाग की सचिव डॉ. पल्लवी जैन गोविल ने स्वागत संबोधन दिया। वहीं मध्यप्रदेश सरकार के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।
स्टार्टअप और डिजिटल इनोवेशन पर खास फोकस
बैठक के पहले दिन “लोकल इनोवेशन से ग्लोबल इम्पैक्ट” विषय पर विशेष चर्चा हुई। इसमें सदस्य देशों के प्रतिनिधियों ने अपने-अपने देशों के स्टार्टअप इकोसिस्टम और तकनीकी नवाचार के अनुभव साझा किए। चर्चा के दौरान डिजिटल इनोवेशन, टेक्नोलॉजी आधारित उद्यमिता और युवा नेतृत्व वाले बिजनेस मॉडल पर विचार-विमर्श हुआ। विशेषज्ञों ने बताया कि एआई और डिजिटल टेक्नोलॉजी आने वाले वर्षों में वैश्विक व्यापार और रोजगार के स्वरूप को तेजी से बदल सकती है।
कई देशों के प्रतिनिधि हुए शामिल
बैठक में ब्राजील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका सहित मिस्र, इथियोपिया, इंडोनेशिया, ईरान, सऊदी अरब और यूएई के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। युवा उद्यमियों ने ग्रीन बिजनेस मॉडल, सामाजिक उद्यमिता और सतत विकास से जुड़े विचार भी साझा किए। विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह की बैठकें वैश्विक स्तर पर युवाओं के बीच सहयोग और नवाचार को बढ़ावा देती हैं।
भारत के स्टार्टअप मॉडल पर भी रही चर्चा
बैठक में भारत के तेजी से बढ़ते स्टार्टअप सेक्टर और डिजिटल इंडिया अभियान को भी प्रमुखता से रखा गया। प्रतिनिधियों ने भारतीय युवाओं द्वारा टेक्नोलॉजी और नवाचार के क्षेत्र में किए जा रहे कामों में रुचि दिखाई। इंदौर में हो रही यह बैठक मध्यप्रदेश के लिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि इससे राज्य को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर निवेश, नवाचार और युवा उद्यमिता के नए अवसर मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।