Breaking News
  • स्वदेश के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर जुड़ें और हर बड़ी खबर सबसे पहले पाएं।
  • YouTube: @SwadeshNews, Facebook: @DainikSwadesh, Instagram: @swadesh_news1, X: @DainikSwadesh

होम > प्रदेश > मध्य प्रदेश > भोपाल

Bhopal: Jodhpur Express Generator Fire Incident

भोपाल स्टेशन पर जोधपुर एक्सप्रेस के जनरेटर कोच में आग, कोई जनहानि नहीं

भोपाल रेलवे स्टेशन पर जोधपुर एक्सप्रेस के जनरेटर कोच में आग लगी। कोई जनहानि नहीं हुई। शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच के आदेश जारी।


भोपाल स्टेशन पर जोधपुर एक्सप्रेस के जनरेटर कोच में आग कोई जनहानि नहीं

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में सोमवार को एक बड़ा रेल हादसा टल गया। भोपाल रेलवे स्टेशन पर खड़ी भोपाल-जोधपुर एक्सप्रेस के जनरेटर कोच में अचानक आग लग गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और समय रहते आग पर काबू पा लिया गया।

 जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 14814 भोपाल-जोधपुर एक्सप्रेस सोमवार दोपहर करीब 3:30 बजे प्लेटफॉर्म नंबर-6 पर लग रही थी। इसी दौरान ट्रेन के अंतिम जनरेटर कार कोच में अचानक आग लग गई। बताया जा रहा है कि आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी। घटना के तुरंत बाद रेलवे स्टाफ ने सतर्कता दिखाते हुए फायर बूस्टर की मदद से आग पर काबू पा लिया। साथ ही, एहतियातन जनरेटर कोच को ट्रेन से अलग कर दिया गया। बाद में दूसरे जनरेटर कोच को जोड़कर ट्रेन को शाम 6:30 बजे, करीब दो घंटे की देरी से रवाना किया गया।

इस घटना के दौरान कोच से निकला काला धुआं प्लेटफॉर्म नंबर-1 तक पहुंच गया, जिससे यात्रियों को कुछ समय के लिए सांस लेने में दिक्कत का सामना करना पड़ा। प्लेटफॉर्म पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई, जिसे आरपीएफ, जीआरपी और स्थानीय पुलिस ने तुरंत नियंत्रित किया।रेलवे अधिकारियों के अनुसार, घटना के समय ट्रेन में यात्री मौजूद नहीं थे, क्योंकि ट्रेन यार्ड से प्लेटफॉर्म पर लाई जा रही थी। यही कारण रहा कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। विशेषज्ञों का कहना है कि यदि यह घटना चलती ट्रेन में होती, तो स्थिति गंभीर हो सकती थी।

गौरतलब है कि इस ट्रेन में 15 अप्रैल से ही आधुनिक एलएचबी कोच लगाए गए थे, जिन्हें अधिक सुरक्षित माना जाता है। फिलहाल क्षतिग्रस्त जनरेटर कोच को रानी कमलापति स्टेशन के पास खड़ा कर दिया गया है, जहां तकनीकी टीम इसकी विस्तृत जांच करेगी।

अधिकारियों का बयान

पश्चिम मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी नवल अग्रवाल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की बात सामने आई है। पावर ऑन करते समय जनरेटर कार में तार जलने से धुआं उठा। उन्होंने कहा कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं।

Related to this topic: