Breaking News
  • राहुल राजस्थान से करेंगे पेपरलीक के खिलाफ आंदोलन की शुरुआत, 17 जून को कोटा में स्टूडेंट सम्मेलन
  • भारतीय मल्टी लेयर्ड बैलिस्टिक डिफेंस सिस्टम का टेस्ट कामयाब: 5000km से आ रही मिसाइल को मार गिराएगा
  • फ्रैंकफर्ट से हैदराबाद आ रही लुफ्थांसा की फ्लाइट को बम से उड़ाने की धमकी
  • अभिषेक बनर्जी के घर रात 3 बजे पुलिस की रेड: चार घंटे तक तलाशी
  • असम: वायुसेना विमान हादसे में पांच जवान शहीद, जोरहाट एयरबेस पर लैंडिंग के दौरान क्रैश हुआ था AN-32 मालवाहक

होम > विदेश

Blue Origin New Glenn Rocket Blast During Test

ब्लू ओरिजिन के न्यू ग्लेन रॉकेट में टेस्ट के दौरान धमाका, लॉन्चपैड पर हुआ बड़ा ब्लास्ट

जेफ बेजोस की कंपनी ब्लू ओरिजिन के न्यू ग्लेन रॉकेट में फ्लोरिडा में हॉटफायर टेस्ट के दौरान बड़ा विस्फोट हो गया। हादसे में सभी कर्मचारी सुरक्षित बताए गए हैं।


ब्लू ओरिजिन के न्यू ग्लेन रॉकेट में टेस्ट के दौरान धमाका लॉन्चपैड पर हुआ बड़ा ब्लास्ट

ब्लू ओरिजिन के न्यू ग्लेन रॉकेट में फ्लोरिडा के केप कैनावेरल लॉन्चपैड पर टेस्टिंग के दौरान बड़ा धमाका हो गया। हादसे के बाद रॉकेट आग के विशाल गोले में तब्दील हो गया।यह हादसा गुरुवार रात करीब 9 बजे उस समय हुआ, जब रॉकेट का हॉटफायर टेस्ट किया जा रहा था। कंपनी के संस्थापक Jeff Bezos ने कहा है कि सभी कर्मचारी सुरक्षित हैं और कंपनी जल्द दोबारा कोशिश करेगी।

हॉटफायर टेस्ट के दौरान हुआ हादसा

ब्लू ओरिजिन के अनुसार न्यू ग्लेन रॉकेट का हॉटफायर टेस्ट आगामी लॉन्च मिशन की तैयारी के तहत किया जा रहा था।हॉटफायर टेस्ट में रॉकेट को लॉन्चपैड पर क्लैम्प्स से मजबूती से बांधा जाता है और उसके इंजनों को पूरी क्षमता से चालू कर उनकी कार्यक्षमता जांची जाती है। इसी प्रक्रिया के दौरान तकनीकी गड़बड़ी हुई और जोरदार विस्फोट हो गया।

जेफ बेजोस बोले- फिर वापसी करेंगे

हादसे के बाद जेफ बेजोस ने कहा कि यह दिन कंपनी के लिए बेहद कठिन रहा, लेकिन सभी कर्मचारी पूरी तरह सुरक्षित हैं।उन्होंने कहा कि कंपनी विस्फोट के कारणों की जांच कर रही है और जिस भी सिस्टम या हार्डवेयर को दोबारा बनाने की जरूरत होगी, उसे फिर तैयार किया जाएगा।

अमेरिकी स्पेस फोर्स और NASA ने शुरू की जांच

स्थानीय प्रशासन के मुताबिक इस हादसे से आम लोगों को कोई खतरा नहीं हुआ। अमेरिकी स्पेस फोर्स और इमरजेंसी रिस्पॉन्डर्स तुरंत मौके पर पहुंच गए थे।NASA के एडमिनिस्ट्रेटर जैरेड इसाकमैन ने कहा कि स्पेसफ्लाइट बेहद चुनौतीपूर्ण क्षेत्र है और भारी क्षमता वाले रॉकेट विकसित करना आसान नहीं होता। उन्होंने घटना की पूरी जांच का समर्थन करने की बात कही।ब्लू ओरिजिन के लिए हाल के समय में यह दूसरी बड़ी चुनौती मानी जा रही है। पिछले महीने ही अमेरिकी फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने एक असफल सैटेलाइट लॉन्चिंग के बाद न्यू ग्लेन रॉकेट की जांच के आदेश दिए थे। उसके बाद कंपनी के कुछ मिशनों को अस्थायी रूप से रोक दिया गया था।

मस्क के स्टारशिप को चुनौती देने के लिए तैयार हुआ था रॉकेट

करीब 10 वर्षों की मेहनत और अरबों डॉलर के निवेश से तैयार किया गया न्यू ग्लेन रॉकेट ब्लू ओरिजिन का सबसे महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट माना जाता है। करीब 29 मंजिला इमारत जितना ऊंचा यह रॉकेट री-यूजेबल तकनीक पर आधारित है। इसे Elon Musk की कंपनी SpaceX के फाल्कन और स्टारशिप रॉकेट्स को टक्कर देने के लिए डिजाइन किया गया है। हादसे से एक दिन पहले ही ब्लू ओरिजिन ने घोषणा की थी कि न्यू ग्लेन रॉकेट के जरिए अमेजन के 48 लो-अर्थ ऑर्बिट सैटेलाइट्स लॉन्च किए जाएंगे।इन सैटेलाइट्स के जरिए अमेजन वैश्विक ब्रॉडबैंड इंटरनेट नेटवर्क तैयार करना चाहता है, जो सीधे तौर पर स्पेसएक्स के स्टारलिंक नेटवर्क को चुनौती देगा।

 

Related to this topic: