प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के वैशाली जिले में गंगा नदी पर बने छह लेन के 'नीतीश सेतु' का उद्घाटन किया, इस दौरान उन्होंने गमछा लहराकर नवंबर 2025 के विधानसभा चुनाव में NDA की जीत के बाद पटना स्थित BJP कार्यालय में मनाए गए जश्न की याद ताजा कर दी । उस समय भी मोदी का गमछा लहराने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था।
4,280 करोड़ रुपये में बना है नीतीश सेतु
पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर बने इस पुल की लागत करीब 4,280 करोड़ रुपये है, यह कच्ची दरगाह (पटना) को वैशाली जिले के बिदुपुर से जोड़ता है । पुल का मुख्य हिस्सा 9.76 किलोमीटर लंबा है, जबकि एप्रोच रोड सहित पूरी परियोजना की लंबाई करीब 19.7 किलोमीटर है ।इस पुल के शुरू होने से उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच सड़क संपर्क बेहतर होगा। साथ ही महात्मा गांधी सेतु और जेपी सेतु पर यातायात का दबाव कम होने तथा यात्रा का समय घटने की उम्मीद है। राघोपुर दियारा के लोगों को भी पटना पहुंचने में सुविधा मिलेगी ।
2025 की जीत के बाद वायरल हुआ था गमछा
नवंबर 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में NDA ने 243 में से 202 सीटें जीती थीं, जीत के बाद पटना में BJP कार्यालय पहुंचे मोदी ने गमछा लहराकर कार्यकर्ताओं का अभिवादन किया था । यह तस्वीर और वीडियो सोशल मीडिया पर काफी चर्चित हुए थे। नीतीश सेतु के उद्घाटन के दौरान उन्होंने एक बार फिर उसी अंदाज में गमछा लहराया।
प्रधानमंत्री के बिहार दौरे के दौरान करीब 34,470 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास भी किया गया । इनमें सड़क, ऊर्जा, शहरी बुनियादी ढांचे, शिक्षा, स्वास्थ्य और परिवहन से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं।