kirti Azad Controversial Statement:अयोध्या के राम मंदिर को लेकर देश की सियासत में एक बार फिर बयानबाजी तेज हो गई है। तृणमूल कांग्रेस (TMC) के सांसद और पूर्व क्रिकेटर कीर्ति आजाद ने भगवान राम और माता सीता को लेकर ऐसा बयान दिया है, जिस पर राजनीतिक विवाद खड़ा हो सकता है। उन्होंने साफ कहा कि वह कभी अयोध्या के राम मंदिर नहीं जाएंगे। इसकी वजह बताते हुए उन्होंने कहा कि माता सीता अग्निपरीक्षा देने के बावजूद भगवान राम द्वारा त्याग दी गई थीं।
'अग्निपरीक्षा के बाद भी सीता को त्यागा, मैं मंदिर क्यों जाऊं'
कीर्ति आजाद का यह बयान समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के राम मंदिर जाने के प्रस्ताव पर प्रतिक्रिया देते हुए सामने आया है। उन्होंने कहा कि वह राम मंदिर जाने में कोई रुचि नहीं रखते.TMC सांसद ने अपनी बात रखते हुए कहा कि भगवान राम ने माता सीता से अग्निपरीक्षा देने के बाद भी उनका त्याग कर दिया था। उन्होंने सवाल उठाया कि जब सीता ने अपनी पवित्रता साबित कर दी थी, तब भी उन्हें अपने घर से बाहर क्यों जाना पड़ा?आजाद ने कहा कि वह ऐसे में राम मंदिर क्यों जाएंगे। उनके इस बयान के बाद राम मंदिर और भगवान राम के चरित्र को लेकर नई राजनीतिक चर्चा शुरू हो गई है।
'माता सीता मिथिला की बेटी हैं, मेरे लिए मां समान'
कीर्ति आजाद ने अपने बयान में माता सीता के मिथिला से जुड़े होने का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि वह खुद मिथिला की धरती से आते हैं और माता सीता उनके लिए मां के समान हैं.उन्होंने कहा कि मिथिला के लोगों के लिए सीता का विशेष स्थान है। ऐसे में उनके सम्मान से जुड़े सवालों पर बोलना वह अपना कर्तव्य मानते हैं.TMC सांसद ने भगवान राम को 'मर्यादा पुरुषोत्तम' कहे जाने पर भी सवाल उठाए। उनका तर्क था कि अग्निपरीक्षा के बाद भी माता सीता को अपने दो छोटे बच्चों के साथ घर से बाहर जाना पड़ा। उन्होंने सवाल किया कि इस घटना को मर्यादा के किस रूप में देखा जाना चाहिए और वह अपने बच्चों को इसके बारे में क्या समझाएंगे।
मां काली और कामाख्या मंदिर में आस्था का किया जिक्र
अपने धार्मिक विश्वासों को स्पष्ट करते हुए कीर्ति आजाद ने मां काली और कामाख्या मंदिर में अपनी आस्था का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि उनके पिता मां दुर्गा के भक्त थे, जबकि वह स्वयं मां काली की पूजा करते हैं.चउन्होंने काली कामाख्या, दक्षिण काली, कालीघाट और दिल्ली के गोल मार्केट स्थित काली मंदिर में पूजा करने की बात कही.आजाद ने सवाल किया कि मां काली की पूजा करने और इन मंदिरों में जाने से क्या उनकी हिंदू पहचान पर सवाल उठाया जा सकता है? उन्होंने दोहराया कि माता सीता मिथिला की बेटी हैं और उनके सम्मान के लिए आवाज उठाना जरूरी है।
अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे पर पहले से जारी है सियासत
कीर्ति आजाद का यह बयान ऐसे समय आया है, जब अखिलेश यादव के प्रस्तावित अयोध्या दौरे को लेकर बीजेपी और समाजवादी पार्टी के बीच राजनीतिक बयानबाजी जारी है.राम मंदिर को लेकर पहले से चल रही इस बहस में अब TMC सांसद की टिप्पणी ने एक नया मुद्दा जोड़ दिया है। उनके बयान पर राजनीतिक दलों की प्रतिक्रिया और आगे होने वाली बयानबाजी पर सबकी नजर रहेगी।