केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि कश्मीर घाटी में अब कोई सक्रिय स्थानीय आतंकी नहीं बचा है ।कुलगाम में लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के कमांडर मोहम्मद लतीफ भट के मारे जाने के बाद उन्होंने उसे घाटी का आखिरी ज्ञात सक्रिय स्थानीय लश्कर आतंकी बताया । शाह के मुताबिक अब घाटी में सक्रिय आतंकी पाकिस्तानी हैं।
शाह ने 18 नवंबर को सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए सुरक्षा बलों की कार्रवाई की जानकारी दी थी, इसके बाद 19 नवंबर को दिल्ली में आतंकवाद विरोधी सम्मेलन में भी उन्होंने कहा कि लतीफ भट के मारे जाने के बाद कश्मीर में स्थानीय स्तर पर भर्ती हुए आतंकी नहीं बचे हैं । शनिवार को अरुणाचल प्रदेश के बंदरदेवा में राष्ट्रपति पुलिस कलर समारोह में भी कश्मीर की सुरक्षा स्थिति का जिक्र किया।
पांच दिन में दो मुठभेड़, लश्कर के दो आतंकी ढेर
पिछले पांच दिनों में कुलगाम जिले में सुरक्षा बलों ने दो अलग-अलग मुठभेड़ों में लश्कर से जुड़े दो आतंकियों को मार गिराया।
-
16 नवंबर 2026: कुलगाम के लारू इलाके में उमर निसार डार मारा गया। वह 11 नवंबर को CRPF चेकपोस्ट पर हुए हमले से जुड़ा था, जिसमें तीन जवान घायल हुए थे।
-
18 नवंबर 2026: देवसर इलाके के जंगलपोरा (जंगलपोरा) में लश्कर कमांडर मोहम्मद लतीफ भट मारा गया। सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक, वह घाटी में सक्रिय आखिरी ज्ञात स्थानीय लश्कर आतंकी था।
अनुच्छेद 370 हटने को बताया अहम बदलाव
शाह ने 2019 में अनुच्छेद 370 हटाए जाने को कश्मीर की सुरक्षा स्थिति में बदलाव से जोड़ते हुए कहा कि इससे युवाओं में अलगाववाद की भावना खत्म हुई है । उन्होंने कहा कि पहले विपक्ष अनुच्छेद 370 और आतंकवाद के बीच संबंध पर सवाल उठाता था, लेकिन अब घाटी में कोई स्थानीय युवा आतंकी नहीं है ।
जम्मू-कश्मीर के पुलिस महानिदेशक नलिन प्रभात ने भी कहा है कि पिछले दो वर्षों में स्थानीय आतंकी भर्ती लगभग शून्य पर आ गई है, इस दौरान लश्कर में शामिल हुए दो स्थानीय युवकों में से आखिरी लतीफ भट भी मुठभेड़ में मारा गया ।