Breaking News
  • सूर्यकुमार की छुट्टी, श्रेयस टी20 के नए कप्तान, वैभव सूर्यवंशी की एंट्री
  • मानसून गोवा तक पहुंचा, MP-छत्तीसगढ़ देर से पहुंचने का अनुमान: केरलम में आज बारिश का रेड अलर्ट
  • गाजियाबाद में दूध व्यापारी की हत्या का आरोपी एनकाउंटर में अरेस्ट, 50 हजार का इनाम था
  • MP में 60Km/घंटा की रफ्तार से आंधी चलने की चेतावनी, गुना-सीहोर समेत 7 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
  • ऑपरेशन ब्लू स्टार की बरसी आज: स्वर्ण मंदिर के आसपास भारी पुलिस बल तैनात
  • दिल्ली: पुष्प विहार इलाके में मुठभेड़ के बाद तीन बदमाश गिरफ्तार
  • लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी ने अपनी सरकारी सुरक्षा को वापस किया

होम > देश

हीटवेव से 16 मौतें, 47°C तक पहुंचा पारा

हीटवेव से झुलस रहा देश, तेलंगाना में 16 मौतें; यूपी-एमपी में 47°C के करीब पहुंचा पारा

देशभर में भीषण गर्मी का कहर जारी है। तेलंगाना में हीटवेव से 16 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि यूपी, एमपी और राजस्थान समेत कई राज्यों में तापमान 47°C के करीब पहुंच गया है।


हीटवेव से झुलस रहा देश तेलंगाना में 16 मौतें यूपी-एमपी में 47°c के करीब पहुंचा पारा

देश के कई हिस्सों में गर्मी अब जानलेवा होती जा रही है। तेलंगाना में हीटवेव और तेज गर्मी की वजह से अब तक 16 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान और दिल्ली समेत 11 राज्यों में तापमान 40°C से 47°C के बीच पहुंच गया है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक राहत की कोई उम्मीद नहीं जताई है। सबसे ज्यादा  तापमान यूपी के बांदा और मध्य प्रदेश के नौगांव में रिकॉर्ड किया गया। हालात ऐसे हैं कि दोपहर में सड़कें खाली नजर आ रही हैं और लोग घरों से निकलने से बच रहे हैं।

दुनिया के सबसे गर्म शहरों में भारत के शहर शामिल

गर्मी की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि शुक्रवार को दुनिया के  50 सबसे गर्म शहरों की सूची में सभी शहर भारत के रहे। प्राइवेट एजेंसी AQI के मुताबिक, सुबह से ही उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र, हरियाणा और छत्तीसगढ़ के कई शहरों में तापमान 42°C से ऊपर पहुंच गया था।

दोपहर तक विदर्भ के ब्रह्मपुरी में तापमान 47.2°C दर्ज किया गया। वहीं यूपी के 22 शहर दुनिया के सबसे गर्म शहरों की लिस्ट में शामिल रहे। यह स्थिति सिर्फ असहज नहीं, बल्कि स्वास्थ्य के लिहाज से बेहद खतरनाक मानी जा रही है। दरअसल, लगातार बढ़ती गर्मी का असर आम जिंदगी पर साफ दिखने लगा है। बिजली की खपत रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच रही है, पानी की मांग बढ़ गई है और अस्पतालों में डिहाइड्रेशन और हीट स्ट्रोक के मरीजों की संख्या भी बढ़ रही है।

तेलंगाना में मौतें, कई राज्यों में रेड अलर्ट

तेलंगाना सरकार के मुताबिक, राज्य के सात जिलों में हीटवेव के कारण 16 लोगों की जान जा चुकी है। सरकार ने मृतकों के परिवारों को 4-4 लाख रुपए की सहायता देने का ऐलान किया है। मध्य प्रदेश में 42 जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। टीकमगढ़, छतरपुर और पन्ना में रेड अलर्ट है। नौगांव में तापमान 46.8°C तक पहुंच गया।

उत्तर प्रदेश में बांदा, चित्रकूट, प्रयागराज और कौशांबी में रेड अलर्ट जारी किया गया है।  बांदा में पारा 46.4°C रिकॉर्ड हुआ। राजस्थान में भी अगले 48 घंटे में तापमान और बढ़ने की आशंका जताई गई है।हालांकि पहाड़ी राज्यों में मौसम कुछ बदला हुआ नजर आया। जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड के ऊपरी इलाकों में बारिश और बर्फबारी दर्ज की गई है।

गैजेट्स भी हो रहे ओवरहीट, बढ़ी तकनीकी दिक्कतें

अब समझिए कि यह गर्मी सिर्फ इंसानों पर ही नहीं, बल्कि इलेक्ट्रॉनिक डिवाइसेज पर भी असर डाल रही है। 45°C के पार तापमान पहुंचने पर मोबाइल, लैपटॉप और पावर बैंक तेजी से गर्म हो रहे हैं। टेक एक्सपर्ट्स का कहना है कि लगातार धूप में फोन इस्तेमाल करने से बैटरी डैमेज, अचानक फोन बंद होने और परफॉर्मेंस स्लो होने जै सी समस्याएं बढ़ सकती हैं। ऐसे में लोगों को डिवाइस को सीधे धूप से बचाने और जरूरत पड़ने पर ही इस्तेमाल करने की सलाह दी जा रही है।

अगले दो दिन कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के मुताबिक, 24 और 25 मई को दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान और तेलंगाना में हीटवेव का असर जारी रहेगा। कई इलाकों में तेज धूप और गर्म हवाएं चल सकती हैं। वहीं दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर के राज्यों में बारिश की संभावना है। केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, असम और मेघालय में तेज हवाओं और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है।

Related to this topic: