पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने 144 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की। सुवेंदु अधिकारी को नंदीग्राम और भबानीपुर से टिकट मिला, वहीं केरल में भी 47 उम्मीदवारों के नाम घोषित किए गए हैं।
कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की सियासी गर्मी अब तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी ने अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है, और इस लिस्ट ने चुनावी मुकाबले को और दिलचस्प बना दिया है।
पार्टी ने पहली सूची में 144 उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं। सबसे ज्यादा चर्चा उस फैसले की हो रही है जिसमें विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की दोनों सीटों से मैदान में उतारा गया है। इस कदम को सीधे-सीधे ममता बनर्जी को चुनौती देने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।
नंदीग्राम और भबानीपुर से चुनाव लड़ेंगे सुवेंदु अधिकारी
भाजपा ने सुवेंदु अधिकारी को नंदीग्राम और भबानीपुर दोनों सीटों से टिकट दिया है। ये वही सीटें हैं जिनसे मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का राजनीतिक संबंध रहा है। 2021 के विधानसभा चुनाव में नंदीग्राम सीट पर सुवेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी को कड़े मुकाबले में हरा दिया था। उस हार के बाद ममता ने उपचुनाव में भबानीपुर सीट से जीत दर्ज की थी। भबानीपुर को तृणमूल कांग्रेस का मजबूत गढ़ माना जाता है। ममता बनर्जी 2011 से 2021 तक लगातार इस सीट से विधायक रही हैं।
डायमंड हार्बर में भी दिलचस्प मुकाबले की तैयारी
भाजपा ने डायमंड हार्बर सीट पर दीपक कुमार हालदार को उम्मीदवार बनाया है। यह इलाका तृणमूल कांग्रेस के सांसद अभिषेक बनर्जी के लोकसभा क्षेत्र में आता है, जो ममता बनर्जी के भतीजे भी हैं। फिलहाल इस विधानसभा सीट से टीएमसी के पन्नालाल हलदर विधायक हैं। भाजपा यहां भी मुकाबला मजबूत करने की कोशिश में दिखाई दे रही है।
दिलीप घोष को खड़गपुर सदर से टिकट
पार्टी ने पश्चिम बंगाल भाजपा के पूर्व अध्यक्ष दिलीप घोष को खरगपुर सदर से उम्मीदवार बनाया है। खड़गपुर क्षेत्र में दिलीप घोष की राजनीतिक पकड़ मजबूत मानी जाती है, इसलिए पार्टी ने उन्हें फिर से मैदान में उतारा है।









केरल में भी उम्मीदवारों की पहली सूची जारी
पश्चिम बंगाल के साथ-साथ भाजपा ने केरल विधानसभा चुनाव के लिए भी अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। केरल में कुल 140 सीटों में से अभी 47 उम्मीदवारों के नाम घोषित किए गए हैं। पार्टी ने राज्य भाजपा अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर को नेमोम सीट से चुनाव मैदान में उतारा है।
लोकसभा में शशि थरूर से हार चुके हैं चंद्रशेखर
राजीव चंद्रशेखर ने 2024 के लोकसभा चुनाव में तिरुवनंतपुरम सीट से चुनाव लड़ा था। इस चुनाव में उन्हें कांग्रेस नेता शशि थरूर से हार का सामना करना पड़ा था। अब विधानसभा चुनाव में पार्टी ने उन्हें नेमोम सीट से उतारकर केरल में अपनी मौजूदगी मजबूत करने की कोशिश की है।