नौतपा शुरू होने से पहले ही यूपी का बांदा 48°C के साथ दुनिया का तीसरा सबसे गर्म शहर बन गया। MP, राजस्थान और महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में हीटवेव का अलर्ट जारी है।
बांदा में नौतपा शुरू होने से पहले ही भीषण गर्मी ने नया रिकॉर्ड बना दिया है। बुधवार को यहां तापमान 48°C दर्ज किया गया, जिसके साथ बांदा दुनिया का तीसरा सबसे गर्म शहर बन गया। इससे ज्यादा तापमान केवल असवान और अराफात में रिकॉर्ड किया गया। देशभर में उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, महाराष्ट्र और दिल्ली समेत कई राज्य भीषण लू की चपेट में हैं। मौसम विभाग के मुताबिक पाकिस्तान के बलूचिस्तान और थार मरुस्थल से आ रही गर्म और सूखी हवाओं ने हालात और गंभीर कर दिए हैं।
खजुराहो भी दुनिया के सबसे गर्म शहरों में शामिल
खजुराहो में बुधवार को तापमान 47.4°C रिकॉर्ड किया गया, जो दुनिया के सबसे गर्म शहरों की सूची में चौथे स्थान पर रहा। इसके अलावा महाराष्ट्र के वर्धा में 47.1°C, हरियाणा के रोहतक में 46.9°C और मध्य प्रदेश के नौगांव में 46.6°C तापमान दर्ज किया गया।
IMD ने जारी किया हीटवेव अलर्ट
India Meteorological Department ने राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़, हरियाणा, पंजाब, गुजरात और महाराष्ट्र में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। राजस्थान में गंभीर हीटवेव और गर्म रातों की चेतावनी दी गई है। वहीं पूर्वोत्तर राज्यों और दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में अगले कुछ दिनों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
बांदा में इतनी ज्यादा गर्मी क्यों पड़ रही?
बांदा एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी के मौसम वैज्ञानिक डॉ. दिनेश के अनुसार बांदा के अत्यधिक गर्म होने के पीछे कई कारण हैं। इनमें कर्क रेखा के नजदीक होना, साफ आसमान, मिट्टी में नमी की कमी, सूखती नदियां, जंगलों की कटाई और खनन गतिविधियां प्रमुख हैं।विशेषज्ञों का कहना है कि मई के आखिरी सप्ताह जैसी गर्मी इस बार समय से पहले महसूस हो रही है।
डॉक्टरों ने जारी की हेल्थ एडवाइजरी
All India Institute of Medical Sciences में मेडिसिन विभाग के प्रोफेसर डॉ. नीरज निश्चल ने लोगों को सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक धूप से बचने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि प्यास न लगने पर भी लगातार पानी पीना जरूरी है। बुजुर्ग, बच्चे और पहले से बीमार लोगों को इस गर्मी में विशेष सावधानी बरतनी चाहिए।
मानसून की रफ्तार भी थमी
मानसून फिलहाल अंडमान-निकोबार द्वीप समूह और कोलंबो के आसपास ही रुका हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों में पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत में बारिश बढ़ सकती है, लेकिन उत्तर और मध्य भारत में फिलहाल भीषण गर्मी से राहत के आसार कम हैं।