बॉलीवुड फिल्म 'द केरल स्टोरी 2' को लेकर विवाद रूकने का नाम ही नहीं ले रहे हैं। सेंसर बोर्ड ने इसके ट्रेलर में से 16 सीन कटवा दिए हैं। तो केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन फिल्म को 'जहरीला' बता रहे हैं
फरवरी के महीने में बॉलीवुड की रिलीज़ फिल्मों ने थिएटर्स में खास धूम नहीं मचाई। 'ओ रोमियो', 'तू या मैं' और 'अस्सी' जैसी फिल्में दर्शकों को तो आकर्षित कर रही हैं, लेकिन तगड़ी भीड़ खींचने में सफल नहीं हो पाईं। ऐसे में विवादों और चर्चा में छाई 'द केरल स्टोरी 2' इस माहौल में बदलाव ला सकती है।
सीक्वल फिल्म ने रिलीज़ से पहले ही विवादों की आग लगा दी है। पहले फिल्म की तरह इस बार भी इसे प्रोपेगेंडा फैलाने का आरोप झेलना पड़ रहा है। विवाद अब सोशल मीडिया, मीडिया, पॉलिटिक्स और कोर्ट तक पहुंच चुके हैं। टीजर और ट्रेलर के बाद ही फिल्म ने खूब सुर्खियां बटोरी हैं।
आखिर क्या है फिल्म के ट्रेलर में ऐसा?
फिल्म का ट्रेलर शुरू होता है एक चेतावनी के साथ कि “अगले 25 सालों में भारत एक इस्लामिक स्टेट बन सकता है और पूरे देश में शरिया कानून लागू होगा।” इसके बाद ट्रेलर तीन अलग-अलग राज्यों की तीन महिलाओं की कहानी दिखाता है, जो जबरन धर्म परिवर्तन की साजिश का शिकार होती हैं। ट्रेलर में एक विवादित सीन भी है, जिसमें लड़की को उसके ससुराल वाले जबरन बीफ खिलाते हैं। इस सीन और फिल्म के कथानक पर कड़ी आलोचना हो रही है।
द केरल स्टोरी 2
पहली फिल्म की सफलता और इन विवादों की वजह से 'द केरल स्टोरी 2' के लिए दर्शकों में काफी एक्साइटमेंट देखने को मिल रही है। फिल्म के प्रोड्यूसर्स का कहना है कि पहले पार्ट की तरह यह सीक्वल भी अच्छी चर्चा और दर्शक खींच सकता है। पॉलिटिक्स, सोशल मीडिया और मीडिया की बहसें फिल्म के प्रचार में मदद कर रही हैं।
सेंसर बोर्ड ने 16 कट किये
‘द केरल स्टोरी 2’ 27 फरवरी को रिलीज होने जा रही है, लेकिन इसे लेकर विवाद कम होने का नाम ही नहीं ले रहा। सेंसर बोर्ड ने फिल्म के 16 सीन में बदलाव किए और इसे 16+ U/A सर्टिफिकेट दिया है। फिल्म में से रेप और कुछ एडल्ट सीन 50% तक कम किए गए हैं और महिलाओं पर वार तथा बुलडोजर सीन एडिट किए गए हैं। साथ ही, कुछ डायलॉग बदले गए और कुछ शब्द म्यूट किए गए हैं। इस फिल्म को लेकर लगातार विवाद बने हुए हैं। कुछ लोग इसे प्रोपेगेंडा बता रहे हैं तो कुछ इसे झूठी स्टोरी कह रहे हैं।
फिल्म को लेकर CM विजयन का बड़ा बयान
केरल हाई कोर्ट ने मेकर्स को फटकार लगाते हुए कहा कि राज्य के लोग पूरी तरह मिलजुलकर रहते हैं, लेकिन फिल्म में इसका गलत चित्रण किया गया है। कोर्ट ने मेकर्स से रिलीज़ से पहले फिल्म दिखाने को कहा, लेकिन उन्होंने मना कर दिया। फिल्म में हिंदू महिलाओं पर धर्म परिवर्तन की साजिश और कुछ विवादित डायलॉग्स दिखाई गए हैं, जिससे राज्य में चर्चा और आलोचना बढ़ गई है। केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने इसे 'जहरीला' बताया, वहीं डायरेक्टर कामाख्या नारायण सिंह का कहना है कि फिल्म समाज को सच दिखाने और चेताने वाली कहानी है। इस बीच एक्टर प्रकाश राज ने भी डायरेक्टर को निशाना बनाया। पहली फिल्म को दो नेशनल अवॉर्ड मिले थे और 300 करोड़ का कलेक्शन हुआ था, तो अब सवाल यह है कि क्या सीक्वल भी बॉक्स ऑफिस पर हिट होगी या विवाद ही चर्चा का केंद्र बनेगा।