सरकारी नौकरी में SSC GD कांस्टेबल परीक्षा 2026 में फिर अव्यवस्था सामने आई है। कानपुर के बाद अब मुजफ्फरपुर सेंटर की दो शिफ्टें तकनीकी खराबी के कारण रद्द कर दी गई हैं।
स्टाफ सिलेक्शन कमीशन (SSC) की GD कांस्टेबल परीक्षा 2026 एक बार फिर विवादों में आ गई है। कानपुर में अव्यवस्था के बाद अब बिहार के मुजफ्फरपुर स्थित एक परीक्षा केंद्र की दो शिफ्टें अचानक रद्द करनी पड़ी हैं। एसएससी ने तकनीकी खराबी को इसकी वजह बताया है। आयोग के मुताबिक सिर्फ शिफ्ट-2 और शिफ्ट-3 के उम्मीदवार प्रभावित हुए हैं। बाकी केंद्रों पर परीक्षा तय कार्यक्रम के अनुसार जारी है।
दरअसल, लगातार दूसरे सेंटर पर परीक्षा रद्द होने के बाद से उम्मीदवारों की चिंता बढ़ गई है। अब अभ्यर्थियों को नई परीक्षा तारीख और एडमिट कार्ड का इंतजार करना होगा।
मुजफ्फरपुर सेंटर पर क्या हुआ
SSC सेंट्रल रीजन की तरफ से जारी नोटिफिकेशन में बताया गया कि परीक्षा केंद्र पर तकनीकी दिक्कत अचानक सामने आई। इसके कारण दो शिफ्टों की परीक्षा आयोजित नहीं हो सकी। आयोग ने प्रभावित छात्रों को भरोसा दिलाया है कि उनके लिए दोबारा परीक्षा आयोजित की जाएगी। नई तारीख और समय की जानकारी जल्द आधिकारिक वेबसाइट पर जारी होगी। परीक्षा रद्द होने के बाद कई अभ्यर्थियों में असमंजस की स्थिति बनी रही, क्योंकि बड़ी संख्या में छात्र दूर-दराज के जिलों से परीक्षा देने पहुंचे थे।
कानपुर में क्षमता से दोगुने पहुंचे उम्मीदवार
इससे पहले 18 मई को कानपुर के एक परीक्षा केंद्र पर भी SSC GD परीक्षा रद्द करनी पड़ी थी। वहां परीक्षा व्यवस्था को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया था। जानकारी के मुताबिक, पुरवामीर स्थित ‘श्रीमती रामकली इकबाल बहादुर ऑनलाइन सेंटर’ की क्षमता 399 छात्रों की थी। लेकिन दूसरी शिफ्ट में करीब 819 उम्मीदवार एडमिट कार्ड लेकर परीक्षा देने पहुंच गए। कई अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र के बाहर ही रह गए। इसके बाद छात्रों ने विरोध शुरू कर दिया और मौके पर अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन गई। बाद में SSC अधिकारियों और छात्रों के बीच बातचीत के बाद परीक्षा रद्द करने का फैसला लिया गया।
दोबारा जारी होंगे एडमिट कार्ड
SSC ने साफ किया है कि प्रभावित उम्मीदवारों के लिए नए एडमिट कार्ड जारी किए जाएंगे। परीक्षा की नई तारीख घोषित होने के बाद अभ्यर्थी उन्हें डाउनलोड कर सकेंगे। हालांकि आयोग ने अभी तक नई परीक्षा तिथि का ऐलान नहीं किया है। इससे छात्रों की तैयारी और यात्रा योजनाओं पर असर पड़ सकता है, खासकर उन उम्मीदवारों पर जो दूसरे शहरों से परीक्षा देने पहुंचे थे। परीक्षा प्रक्रिया में लगातार आ रही गड़बड़ियों ने भर्ती व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
सोशल मीडिया अफवाहों पर SSC की चेतावनी
आयोग ने उम्मीदवारों को सोशल Media पर वायरल हो रही अपुष्ट जानकारी से बचने की सलाह दी है। SSC का कहना है कि परीक्षा से जुड़ी हर आधिकारिक सूचना केवल रीजनल वेबसाइट पर ही जारी की जाएगी। कई अभ्यर्थियों ने सोशल मीडिया पर परीक्षा प्रबंधन को लेकर नाराजगी जाहिर की है। वहीं छात्रों का कहना है कि बार-बार परीक्षा रद्द होने से मानसिक दबाव और आर्थिक बोझ दोनों बढ़ रहे हैं।