Meta जल्द वाट्सएप, इंस्टाग्राम और फेसबुक के नए Plus प्लान लॉन्च कर सकता है। यूजर्स को प्रीमियम फीचर्स, कस्टमाइजेशन और एक्स्ट्रा प्राइवेसी टूल्स के लिए पैसे चुकाने पड़ सकते हैं।
सोशल मीडिया इस्तेमाल करने का तरीका आने वाले समय में पूरी तरह बदल सकता है। फेसबुक, इंस्टाग्राम और वॉट्सएप चलाने वाले करोड़ों यूजर्स के लिए Meta ने नए सब्सक्रिप्शन प्लान पेश किए हैं। कंपनी अब इन प्लेटफॉर्म्स के ‘Plus’ वर्जन लॉन्च करने की तैयारी में है, जिनमें कई प्रीमियम फीचर्स सिर्फ पैसे देने वाले यूजर्स को मिलेंगे।
Meta का यह कदम सिर्फ नए फीचर्स जोड़ने तक सीमित नहीं माना जा रहा। इसे कंपनी के बिजनेस मॉडल में बड़े बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है, जहां विज्ञापनों के साथ अब सीधे यूजर्स से कमाई पर फोकस बढ़ाया जा रहा है।
इंस्टाग्राम और फेसबुक में मिलेंगे नए प्राइवेट फीचर्स
Instagram Plus और Facebook Plus में यूजर्स को कई ऐसे फीचर्स मिलने वाले हैं जो अब तक सामान्य अकाउंट्स में उपलब्ध नहीं थे। सबसे ज्यादा चर्चा उस फीचर की हो रही है जिसमें यूजर किसी की स्टोरी देख सकेगा, लेकिन सामने वाले को उसका नाम दिखाई नहीं देगा। यानी स्टोरी देखने के बाद भी आपका नाम व्यूअर लिस्ट में नहीं आएगा। इसके अलावा यूजर्स अलग-अलग लोगों के लिए अलग प्राइवेट लिस्ट बना सकेंगे। अभी सिर्फ एक Close Friends लिस्ट बनती है, लेकिन नए प्लान में कई कस्टम ग्रुप तैयार किए जा सकेंगे।
24 घंटे बाद भी नहीं हटेगी स्टोरी
Meta अब स्टोरी फीचर को भी ज्यादा कंट्रोल देने जा रहा है। अभी इंस्टाग्राम और फेसबुक स्टोरी 24 घंटे बाद गायब हो जाती है, लेकिन प्लस यूजर्स उसे ज्यादा समय तक प्रोफाइल पर रख सकेंगे। यूजर्स को हर हफ्ते अपनी किसी स्टोरी को स्पॉटलाइट करने का विकल्प भी मिलेगा। इससे उसे ज्यादा लोगों तक पहुंचाया जा सकेगा। इसके साथ नए फॉन्ट्स, सुपर हार्ट रिएक्शन और कस्टम ऐप आइकॉन जैसे विजुअल फीचर्स भी दिए जाएंगे ताकि प्रोफाइल ज्यादा आकर्षक दिख सके।
वाट्सएप प्लस में मिलेगा ज्यादा कंट्रोल
वाट्सएप प्लस को खास तौर पर पर्सनलाइजेशन और चैटिंग अनुभव बेहतर करने के लिए डिजाइन किया गया है। इसमें यूजर्स को कस्टम थीम्स, अलग रिंगटोन, ज्यादा पिन चैट्स, प्रीमियम स्टिकर्स और चैट लिस्ट को अपने हिसाब से व्यवस्थित करने जैसे फीचर्स मिलेंगे। मेटा (META) फिलहाल इन प्लान्स को ग्लोबल स्तर पर रोलआउट कर रहा है, हालांकि भारत में लॉन्चिंग की तारीख अभी तय नहीं की गई है।
मेटा एआई के लिए भी आएंगे प्रीमियम प्लान
कंपनी मेटा एआई यूजर्स के लिए भी दो अलग प्रीमियम प्लान टेस्ट कर रही है। मेटा वन प्लस की कीमत 7.99 डॉलर प्रति महीना रखी गई है, जबकि मेटा वन प्लस प्रीमियम के लिए 19.99 डॉलर प्रति महीना खर्च करना होगा। प्रीमियम प्लान लेने वाले यूजर्स को एडवांस AI फीचर्स, बेहतर वीडियो और इमेज जनरेशन और हाई कंप्यूट क्वेरी जैसी सुविधाएं मिलेंगी। हालांकि सामान्य AI फीचर फ्री यूजर्स के लिए जारी रहेगा।
क्रिएटर्स और बिजनेस पर Meta का नया फोकस
Meta अब कंटेंट क्रिएटर्स और बिजनेस यूजर्स के लिए भी अलग एडवांस प्लान ला रहा है। इन प्लान्स में वेरिफाइड बैज, फेक अकाउंट प्रोटेक्शन, ज्यादा विजिबिलिटी, बेहतर एनालिटिक्स और सोशल मीडिया ट्रैफिक बढ़ाने वाले टूल्स शामिल होंगे। कंपनी का मानना है कि इससे क्रिएटर्स और बिजनेस अकाउंट्स को अपने ऑडियंस तक ज्यादा तेजी से पहुंचने में मदद मिलेगी।
क्यों बदल रहा है सोशल मीडिया का मॉडल
सालों तक Meta के प्लेटफॉर्म पूरी तरह फ्री रहे क्योंकि कंपनी विज्ञापनों और यूजर डेटा के जरिए कमाई करती थी। लेकिन अब दुनियाभर में नए यूजर्स की ग्रोथ धीमी पड़ रही है और प्राइवेसी नियम सख्त हो गए हैं। इसी वजह से मेटा अब X और दूसरी टेक कंपनियों की तरह सब्सक्रिप्शन मॉडल पर तेजी से काम कर रही है। आने वाले समय में सोशल मीडिया सिर्फ फ्री प्लेटफॉर्म नहीं, बल्कि प्रीमियम सर्विस मॉडल की तरफ बढ़ता दिखाई दे सकता है।