Breaking News
  • सूर्यकुमार की छुट्टी, श्रेयस टी20 के नए कप्तान, वैभव सूर्यवंशी की एंट्री
  • मानसून गोवा तक पहुंचा, MP-छत्तीसगढ़ देर से पहुंचने का अनुमान: केरलम में आज बारिश का रेड अलर्ट
  • गाजियाबाद में दूध व्यापारी की हत्या का आरोपी एनकाउंटर में अरेस्ट, 50 हजार का इनाम था
  • MP में 60Km/घंटा की रफ्तार से आंधी चलने की चेतावनी, गुना-सीहोर समेत 7 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
  • ऑपरेशन ब्लू स्टार की बरसी आज: स्वर्ण मंदिर के आसपास भारी पुलिस बल तैनात
  • दिल्ली: पुष्प विहार इलाके में मुठभेड़ के बाद तीन बदमाश गिरफ्तार
  • लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी ने अपनी सरकारी सुरक्षा को वापस किया

होम > बिजनेस

Gold Silver Price Crash

सोना-चांदी में बड़ी गिरावट, दो दिन में ₹9 हजार टूटी चांदी; क्या अब और सस्ते होंगे दाम?

सोना और चांदी में लगातार दूसरे दिन बड़ी गिरावट दर्ज हुई है। चांदी ₹9 हजार तक टूटी, जबकि सोना भी ₹1,800 सस्ता हो गया। जानिए बाजार में गिरावट की बड़ी वजह और आगे का अनुमान।


सोना-चांदी में बड़ी गिरावट दो दिन में ₹9 हजार टूटी चांदी क्या अब और सस्ते होंगे दाम

Gold Silver Price Crash Reason |

सोना-चांदी खरीदने वालों के लिए बाजार से राहत भरी खबर आई है। लगातार दूसरे दिन की गिरावट के बाद चांदी करीब ₹9 हजार तक सस्ती हो चुकी है, जबकि सोने के दाम में भी ₹1,800 की कमी दर्ज हुई है। घरेलू बाजार से लेकर अंतरराष्ट्रीय कमोडिटी मार्केट तक बिकवाली का दबाव दिखाई दे रहा है।

इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन यानी IBJA के मुताबिक, 1 किलो चांदी का भाव गिरकर ₹2.62 लाख पर पहुंच गया है। वहीं 24 कैरेट सोने की कीमत घटकर ₹1.57 लाख प्रति 10 ग्राम रह गई है। बाजार में आई इस तेज गिरावट ने निवेशकों के साथ-साथ शादी और ज्वेलरी खरीदारी की तैयारी कर रहे लोगों का भी ध्यान खींच लिया है।

मिडिल ईस्ट तनाव का असर कमोडिटी मार्केट पर

सोना-चांदी की कीमतों में आई गिरावट के पीछे वैश्विक हालात बड़ी वजह माने जा रहे हैं। मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और ईरान के खिलाफ अमेरिका की नई सैन्य कार्रवाई के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में भारी उतार-चढ़ाव देखने को मिला। कोमेक्स पर सोना 19 डॉलर टूटकर 4483 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। वहीं चांदी में भी 1.72 फीसदी की गिरावट दर्ज हुई और यह 75.28 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड करने लगी।

विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसे हालात में अमेरिकी डॉलर मजबूत हुआ है। इसके चलते निवेशकों ने मुनाफावसूली शुरू कर दी, जिसका सीधा असर बुलियन मार्केट पर दिखाई दिया।

MCX पर सोना-चांदी में भारी दबाव

घरेलू वायदा बाजार यानी MCX में भी कमजोरी साफ दिखी। जून डिलिवरी वाला सोना 157541 पर खुला और कारोबार के दौरान गिरकर ₹1,56,953 तक पहुंच गया। खबर लिखे जाने तक सोना करीब 458 रुपये टूटकर 157158 प्रति 10 ग्राम पर ट्रेड कर रहा था। वहीं, जुलाई डिलिवरी वाली चांदी में और ज्यादा दबाव दिखा। यह ₹2,72,603 पर खुली और गिरकर ₹2,66,200 प्रति किलो तक पहुंच गई। कारोबार के दौरान इसमें ₹4400 से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई। कमोडिटी ट्रेडर्स के मुताबिक फिलहाल बाजार में खरीदारी कमजोर बनी हुई है, जिसकी वजह से कीमतों पर दबाव बना हुआ है।

डिमांड घटने से भी टूटे दाम

सेबी रजिस्टर्ड मार्केट एक्सपर्ट अनुज गुप्ता के मुताबिक, बाजार में गिरावट की दूसरी बड़ी वजह मांग में कमी है। उनका कहना है कि फिलहाल न तो शादी का सीजन है और न ही बड़े त्योहारों का दौर चल रहा है। ऐसे में ज्वेलरी की खरीदारी काफी धीमी पड़ गई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील के बाद भी लोगों में खर्च को लेकर सतर्कता बढ़ी है, जिसका असर गोल्ड और सिल्वर की मांग पर पड़ा है। यही वजह है कि अंतरराष्ट्रीय दबाव के साथ घरेलू मांग कमजोर होने से दाम लगातार नीचे आ रहे हैं।

आगे और गिर सकते हैं भाव

मार्केट एक्सपर्ट्स का मानना है कि आने वाले दिनों में सोना और चांदी में और गिरावट देखने को मिल सकती है। अनुज गुप्ता के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना 4400 डॉलर प्रति औंस तक फिसल सकता है। घरेलू बाजार में सोना ₹1.55 लाख प्रति 10 ग्राम तक आ सकता है। वहीं चांदी का भाव गिरकर ₹2.60 लाख प्रति किलो तक पहुंचने की संभावना जताई गई है। हालांकि जानकार यह भी मान रहे हैं कि अगर वैश्विक तनाव और बढ़ता है तो बाजार में फिर अचानक तेजी लौट सकती है। फिलहाल निवेशक और कारोबारी दोनों अगले कुछ दिनों के अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

Related to this topic: