SwadeshSwadesh

रिटायरमेंट से एक दिन पहले उत्तर प्रदेश राजस्व परिषद के अध्यक्ष दीपक त्रिवेदी का निधन

मूलत: राजस्थान के भरतपुर के निवासी दीपक त्रिवेदी की सेवा का कार्यकाल 30 अप्रैल को समाप्त होना था। रिटायरमेंट से एक दिन पहले ही उनका निधन हो गया।

Update: 2021-04-29 10:44 GMT

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस का संक्रमण बेहद तेजी ही खतरनाक होता जा रहा है। बीते एक हफ्ते से कोरोना वायरस से संक्रमित उत्तर प्रदेश के वरिष्ठतम आईएएस अफसर दीपक त्रिवेदी का गुरुवार को निधन हो गया। वह लखनऊ के संजय गांधी पीजीआई में भर्ती थे। दीपक त्रिवेदी राजस्व परिषद के अध्यक्ष थे। इसके साथ ही वह उत्तत प्रदेश आईएएस एसोसिएशन के अध्यक्ष का दायित्व भी निर्वहन कर रहे थे।

भाजपा के तीन विधायक के साथ ही पूर्व मंत्री हाजी रियाज अहमद के बाद इस हफ्ते के चौथे ही दिन कोरोना वायरस संक्रमण से जूझ रहे उत्तर प्रदेश राजस्व परिषद दीपक त्रिवेदी ने गुरुवार को इलाज दौरान संजय गांधी पीजीआई में दम तोड़ दिया। उत्तर प्रदेश आइएएस एसोसिएशन के अध्यक्ष वरिष्ठ आईएएस अधिकारी और राजस्व परिषद के अध्यक्ष दीपक त्रिवेदी का कोरोना संक्रमण से गुरुवार सुबह निधन हो गया। वह इलाज के लिए संजय गांधी पीजीआई में भर्ती थे।

उनके निधन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। मूलत: राजस्थान के भरतपुर के निवासी दीपक त्रिवेदी की सेवा का कार्यकाल 30 अप्रैल को समाप्त होना था। रिटायरमेंट से एक दिन पहले ही उनका निधन हो गया।

कोरोना वायरस संक्रमण के कारण भारतीय जनता पार्टी के औरैया सदर से विधायक रमेश चंद्र दिवाकर के बाद लखनऊ पश्चिम से विधायक सुरेश कुमार श्रीवास्तव और बरेली के नवाबगंज से विधायक केसर सिंह गंगवार के बीते दिनों निधन के बाद बुधवार को पीलीभीत में पूर्व कैबिनेट मंत्री हाजी रियाज अहमद का निधन हो गया। पांच बार विधायक रहे हाजी रियाज अहमद को बरेली के बाद नोएडा के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनके निधन के बाद गुरुवार को संजय गांधी पीजीआई लखनऊ में वरिष्ठ आईएएस अफसर दीपक त्रिवेदी ने दम तोड़ दिया।

संक्रमण की चपेट में एक दर्जन से अधिक अफसर :

कोरोना वायरस के संक्रमण की चपेट में उत्तर प्रदेश सरकार के एक दर्जन से ज्यादा आईएएस अधिकारी हैं। अपर मुख्य सचिव मुख्यमंत्री एसपी गोयल, अपर मुख्य सचिव सूचना नवनीत सहगल, वित्त सचिव संजय कुमार, कृषि विभाग के अपर मुख्य सचिव देवेश चतुर्वेदी, अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के प्रमुख सचिव बीएल मीना, नगर विकास विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. रजनीश दुबे, श्रम विभाग के अपर मुख्य सचिव सुरेश चंद्रा, उच्च शिक्षा विभाग की अपर मुख्य सचिव आराधना शुक्ला, खाद्य एवं रसद नागरिक आपूर्ति विभाग की प्रमुख सचिव वीणा कुमारी, सिंचाई विभाग के प्रमुख सचिव अनिल गर्ग और विशेष सचिव प्रशांत शर्मा, मुख्य सचिव के स्टाफ अफसर अमृत त्रिपाठी और हमीरपुर समेत तीन जिलों के डीएम कोरोना पॉजिटिव आए हैं। इसके साथ ही कोरोना वायरस संक्रमण का असर मुख्यमंत्री के दफ्तर तक पहुंच गया है। उनके अपर मुख्य सचिव एसपी गोयल के साथ सचिव अमित सिंह और ओएसडी अभिषेक कौशिक को भी संक्रमण हुआ है। मुख्यमंत्री के सरकारी आवास के स्टाफ के भी दो लोग कोरोना के शिकार हुए हैं।

Tags:    

Similar News